भारतीय तटरक्षक बल और एटीएस गुजरात की संयुक्त कार्रवाई, 1150 करोड़ रुपये की 115 किलो कोकीन जब्त

नई दिल्ली। समुद्री मार्ग से हो रही मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) और एटीएस गुजरात ने संयुक्त अभियान में करीब 115 किलोग्राम कोकीन जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1150 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई 25-26 मई 2026 की दरम्यानी रात मुंद्रा तट के पास की गई।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार एटीएस गुजरात को समुद्री क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी विशेष और विश्वसनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर भारतीय तटरक्षक बल की इंटरसेप्टर नौकाओं को एटीएस अधिकारियों के साथ मुंद्रा एंकरिज क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान के लिए रवाना किया गया।

अभियान के दौरान मुंद्रा तट से लगभग पांच नॉटिकल मील दूर लंगर डाले कंटेनर पोत एमवी यूरोप पर संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं। अधिकारियों ने जहाज से कुछ बैग समुद्र में फेंके जाते हुए देखे।

इसके बाद भारतीय तटरक्षक बल और एटीएस गुजरात की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कम दृश्यता और रात के चुनौतीपूर्ण हालात के बीच समुद्र से पांच बैग बरामद किए।

जांच में बरामद बैगों से सफेद रंग का पाउडर मिला, जिसकी जांच में कोकीन होने की पुष्टि हुई। अधिकारियों के अनुसार कुल 115 पैकेट जब्त किए गए हैं, जिनका वजन लगभग एक-एक किलोग्राम है। इस प्रकार कुल बरामद मादक पदार्थ का वजन करीब 115 किलोग्राम है।

प्रारंभिक आकलन के मुताबिक जब्त कोकीन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1150 करोड़ रुपये है।

कार्रवाई के बाद संबंधित पोत को आगे की जांच के लिए बंदरगाह लाया गया है। मामले में भारतीय तटरक्षक बल, एटीएस गुजरात और अन्य संबंधित एजेंसियां संयुक्त रूप से जांच कर रही हैं, ताकि तस्करी नेटवर्क और खेप के स्रोत व गंतव्य का पता लगाया जा सके।

अधिकारियों ने बताया कि यह सफलता भारतीय तटरक्षक बल और एटीएस गुजरात के बीच मजबूत समन्वय और प्रभावी कार्रवाई का उदाहरण है। पिछले पांच वर्षों में दोनों एजेंसियों द्वारा संयुक्त रूप से संचालित यह पंद्रहवां सफल एंटी-नारकोटिक्स ऑपरेशन है, जो समुद्री सुरक्षा और “नशा मुक्त भारत” के संकल्प को मजबूत करता है।

 

 

 

Next Post

आलिया भट्ट के साथ एक्शन करते हुए बॉबी देओल ने शेयर किया अपना अनुभव

Wed May 27 , 2026
मुंबई, 27 मई (वार्ता) बॉलीवुड स्टार बॉबी देओल ने यशराज फिल्म्स की अल्फा की शूटिंग को अपने करियर के सबसे शानदार अनुभवों में से एक बताया है। यह फिल्म एक ऐसी असैसिन की ओरिजिन स्टोरी है, जिसे बचपन से ही मारने के लिए तैयार किया गया है। फिल्म में आलिया […]

You May Like