श्योपुर:जिले में जारी तेज बारिश ने विजयपुर और आसपास के इलाकों में हालात बिगाड़ दिए हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। सबसे अधिक खतरा कुवारी नदी में बढ़ते जलस्तर को लेकर बना हुआ है।अगरा में कुवारी नदी का जलस्तर अचानक इतना बढ़ गया कि पुल पूरी तरह डूब गया, जिससे विजयपुर और अगरा के बीच सड़क संपर्क पूरी तरह से टूट गया है। लोग आवश्यक कार्यों के लिए भी आवाजाही नहीं कर पा रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि पुल डूबने के कारण राहगीरों को नदी पार करना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। प्रशासन ने लोगों को नदी-नालों के किनारे न जाने की सख्त हिदायत दी है।विजयपुर के मंडी क्षेत्र समेत कई मोहल्लों में गलियों में पानी भर गया है। नालियों का पानी सड़कों पर आ गया है, जिससे लोगों को घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग घरों में कैद होकर रह गए हैं। वहीं, अधिकारियों ने हालात पर नजर बनाए रखी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में और भारी बारिश की संभावना जताई है।
