स्कूल से लौटते समय नहर में डूबा 8 वर्षीय मासूम, रात भर चले रेस्क्यू के बाद सुबह बरामद किया शव

गुना। जिले के बमौरी थाना क्षेत्र के ग्राम भूरा चक सिलावटी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां 8 साल के एक मासूम बच्चे की नहर में डूबने से मौत हो गई। गुरुवार से लापता बच्चे का शव शुक्रवार सुबह रेस्क्यू टीम द्वारा बरामद किया गया, जिसके बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम भूरा चक सिलावटी निवासी 8 वर्षीय कृष्णा गुरुवार को स्कूल गया था। दोपहर को जब वह स्कूल से घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद जब उसका कहीं पता नहीं चला, तो परिजनों को गांव के पास से गुजर रही नहर में उसके डूबने का संदेह हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन और गुना स्थित एसडीईआरएफ की टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। राहत कार्य को गति देने के लिए नहर का पानी भी रुकवाया गया। टीम ने रातभर पानी में कृष्णा की तलाश की, लेकिन अंधेरा और पानी का बहाव बाधा बना रहा। कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे गोताखोरों ने कृष्णा का शव नहर से बाहर निकाला। मासूम का शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बमौरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। एक हंसते-खेलते बच्चे की इस तरह असमय मौत से भूरा चक सिलावटी गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध नजर आ रहा है।

Next Post

घर के अंदर युवक को लगी गोली, अस्पताल में भर्ती

Fri Jan 9 , 2026
रीवा। शहर के समान थाना अन्तर्गत पोखरी टोला में घर के अंदर एक युवक को गोली लगने पर आनन-फानन परिजन संजय गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे. जहा घायल युवक की हालत गंभीर बताई गई है. युवक ने गोली खुद को मारी या किसी और ने यह जांच का विषय है. फिलहाल […]

You May Like