सिंगरौली : भगवती मानव कल्याण संगठन के सदस्यों ने गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घोघरा में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई कराते हुए बड़ी मात्रा में शराब पकड़वाई।
संगठन के सदस्यों को सूचना मिली थी कि रामसनेही साकेत पिता लखन साकेत निवासी ग्राम घोघरा थाना गढ़वा द्वारा एक किराना गोमती में लंबे समय से अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना के बाद संगठन के सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली और तत्काल गढ़वा पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया।
पुलिस द्वारा की गई छापामार कार्रवाई में 92 पाव देसी प्लेन मदिरा, 47 पाव लाल मसाला मदिरा तथा 31 बोतल बीयर बोल्ट बरामद की गई। जप्त शराब की कुल मात्रा करीब 40 लीटर बताई गई है। पुलिस ने बरामद शराब को जप्त करते हुए आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। भगवती मानव कल्याण संगठन के पदाधिकारियों ने समाज के युवाओं एवं आम नागरिकों से नशे के खिलाफ आगे आने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है।
