इंदौर: एमबीए छात्रा की हत्या करने वाले आरोपी को इंदौर पुलिस मुंबई से गिरफ्तार कर इंदौर ले आई है और उससे पूछताछ की जा रही है. हत्या के बाद आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है. वह कोई गलत कदम न उठा ले, इसलिए पुलिस उस पर लगातार निगरानी रख रही है. आरोपी अब बार-बार छात्रा को याद कर रो रहा है. उसने पुलिस को बताया कि वह छात्रा से प्यार करता था और उससे शादी करना चाहता था, लेकिन उसे उसके चरित्र पर शंका थी.
छात्रा की निर्मम हत्या के पीछे प्रेम, शक और अंधविश्वास की खौफनाक कहानी सामने आई है. पुलिस पूछताछ में आरोपी पीयूष धामनोदिया ने कबूल किया कि वह छात्रा पर शक करता था और उसी सनक में उसने पहले शादी का नाटक रचाया, फिर बेरहमी से उसकी जान ले ली. हत्या वाले दिन छात्रा के मोबाइल पर दूसरों की चैटिंग भी मिली थी, जिस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था. आरोपी चाहता था कि छात्रा का एमबीए का कोर्स पूरा होने के बाद उसे अच्छी नौकरी लग जाए और फिर वह उससे शादी कर लेगा.
छात्रा की आत्मा को वश में करने किया तंत्र-मंत्र
जांच में सामने आया कि हत्या से ठीक पहले आरोपी ने किराए के कमरे में दीया जलाकर छात्रा को मंगलसूत्र पहनाया और शादी का स्वांग रचाया. फिर आरोपी ने युवती से शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया था, लेकिन उसने बीमार होने का बहाना बनाकर इससे इनकार कर दिया. आरोपी नशा करने का भी आदी था, नशे में वह हैवान बन गया और हत्या के बाद छात्रा के शव के साथ दरिंदगी की. इसके बाद वह कमरे पर ताला लगाकर सीधे मुंबई के नालासोपारा इलाके के जंगलों में पहुंचा, जहां उसने सोशल मीडिया से सीखे तांत्रिक तरीकों से मृतका की फोटो, मंगलसूत्र और चूड़ियों के साथ अपने खून से नाम लिखकर आत्मा बुलाने की कोशिश की.
हत्या के बाद निकाली थी छात्रा की उंगली से अंगूठी
आरोपी ने मुंबई भागने से पहले इंदौर से एक नई सिम भी खरीद ली थी और अपना मोबाइल कमरे पर ही छोड़ दिया था. आरोपी ने हत्या के बाद छात्रा की उंगली से वह अंगूठी भी निकाल ली थी, जो उसने उसे गिफ्ट की थी. इसके अलावा वह भागते समय छात्रा का मोबाइल फोन और उसका आधार कार्ड भी ले गया था. जब उसने ऑनलाइन छात्रा का शव मिलने की खबर पढ़ी तो वह डर गया और छात्रा का मोबाइल फेंक कर ट्रेनों में यात्रा करने लगा.
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पोस्टमार्टम में गला घोंटने और चाकू के घावों से मौत की पुष्टि हुई है. विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. पुलिस आरोपी के मोबाइल से वायरल वीडियो, चैट और डिजिटल साक्ष्य खंगाल रही है. दिल दहला देने वाली बात यह रही कि सरेंडर के बाद आरोपी अफसरों से यह पूछता रहा कि क्या वह अब भी पुलिस भर्ती की परीक्षा दे पाएगा. निर्मम हत्या के बावजूद उसके चेहरे पर पछतावे के बजाय भविष्य की चिंता झलक रही थी.
