जेल में बंद शातिर बदमाश चला रहा था हथियारों का सिंडिकेट, पिस्टलों के साथ युवक गिरफ्तार

जबलपुर: अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए लॉर्डगंज पुलिस ने एक शातिर युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी जेल में एन एस ए में बंद शहर के कुख्यात बदमाश लकी पटेल के इशारे पर हथियारों की तस्करी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से 3 अवैध देशी पिस्टल और 3 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली अखिलेश गौर ने बताया कि जेडीए बिल्डिंग शताब्दीपुरम के पास पुलिस ने घेराबंदी कर प्रेमलाल उर्फ संदीप सोनी (21), निवासी काली मंदिर के पास, शांतिनगर दमोहनाका को दबोचा गया। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो दंग रह गई। आरोपी के हाथ में मौजूद कपड़े के थैले से 2 देशी पिस्टल मिलीं। वहीं, उसकी जींस पैंट में दाहिनी तरफ 1 अन्य देशी पिस्टल खोंसी हुई थी। जेब की तलाशी लेने पर 3 जिंदा कारतूस और 1 हजार रुपये नगद बरामद हुए। आरोपी प्रेमलाल से जब हथियारों के स्रोत के बारे में कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने शहर के कुख्यात अपराधी लकी पटेल का नाम उगला। प्रेमलाल ने कबूल किया कि यह हथियार उसने लकी पटेल से ही खरीदे थे। उसने यह भी खुलासा किया कि वह पूर्व में भी लकी से इसी तरह के अवैध हथियार लाकर बाजार में बेच चुका है। अवैध हथियारों के इस बकायदा संगठित सिंडिकेट को देखते हुए पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 25(1), 27 के तहत तो मामला दर्ज किया ही गया है, साथ ही हथियारों की अवैध खरीद-फरोख्त कर गैंग चलाने की धारा 111(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
केंद्रीय जेल में बंद लकी पटेल दर्ज है बीस अपराध
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इस नेटवर्क का मुख्य सूत्रधार लकी पटेल एक बेहद शातिर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या का प्रयास, अवैध वसूली, फायर आर्म्स और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम जैसे गंभीर अपराधों के कुल 20 मामले पहले से दर्ज हैं। लगातार अपराध करने के कारण पुलिस ने कुछ दिनों पहले ही लकी पटेल पर एन.एस.ए. के तहत कार्रवाई कर उसे केंद्रीय जेल जबलपुर में बंद कराया है।

Next Post

केंद्र में छह वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की नई पदस्थापना, मप्र कैडर के तीन अधिकारियों के विभाग बदले

Tue Aug 11 , 2026
भोपाल: केंद्र की कैबिनेट अपॉइंटमेंट कमेटी ने केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में छह वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की नियुक्ति एवं स्थानांतरण को हरी झंडी दे दी है। इनमें मध्यप्रदेश कैडर के तीन वरिष्ठ आईएएस अधिकारी भी शामिल हैं। कमेटी की मंजूरी के अनुसार पल्लवी जैन गोविल (IAS: MP:94) को […]

You May Like

Play sound