जयपुर 29 जुलाई (वार्ता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पब्लिक एक्जामिनेशन्स (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) संशोधन विधेयक-2026 के लोकसभा से पारित होने पर इसे देश के करोड़ों युवाओं के सपनों, परिश्रम और विश्वास की रक्षा करने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया है।
श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्र सरकार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि परीक्षा प्रणाली में अब प्रतिभा, परिश्रम और ईमानदारी के साथ कोई समझौता नहीं होगा। यह विधेयक पेपर लीक, नकल और परीक्षा माफियाओं पर कठोर प्रहार करते हुए युवाओं के भविष्य को सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।
उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक पहल प्रत्येक मेहनतकश विद्यार्थी के विश्वास को सशक्त करेगी और एक ऐसी परीक्षा व्यवस्था स्थापित करेगी, जहां सफलता का आधार केवल योग्यता और कड़ी मेहनत होगी। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को सुरक्षित करने वाले इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए श्री मोदी एवं केंद्र सरकार का अभिनंदन किया।
