अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर किया शासकीय आवासीय परिसर का नामकरण

भोपाल, 18 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि सरकार राज्य के कर्मचारियों के हित में लगातार कदम उठा रही है और उसका प्रयास है कि शीघ्र ही पदोन्नति संबंधी कठिनाइयों को दूर कर संबंधित कर्मचारियों को पदोन्नति प्रदान की जाए।

डॉ यादव ने देर शाम यहां टीटीनगर क्षेत्र में स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन द्वारा नवनिर्मित शासकीय आवासों के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कर्मचारियों के हित में उठाए गए कदमों को गिनाया और कहा कि उनकी पदोन्नति संबंंधी मामला काफी समय से अटका है। इन कठिनाइयों को दूर करने के प्रयास चल रहे हैं, ताकि संबंधित कर्मचारियों की पदोन्नति हो सके।

मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही नवनिर्मित आवासीय परिसर का नामकरण पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर करने की घोषणा की। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए कि इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसा होने से पूर्व प्रधानमंत्री श्री वाजपेयी के कार्य आने वाली पीढ़ियों को भी याद रहेंगे।

इसके पहले डॉ यादव ने नवनिर्मित शासकीय आवासों का लोकार्पण दीप प्रज्जवलित कर किया। इस अवसर पर राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी और अनेक जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

 

Next Post

विमानन विभाग की समीक्षा की मोहन यादव ने

Tue Mar 18 , 2025
भोपाल, 18 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज यहां राज्य में हवाई सेवाओं के विस्तार के संबंध में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार डॉ यादव ने यहां विमानन विभाग की समीक्षा बैठक कर हवाई सेवाओं के विस्तार […]

You May Like