
सीहोर।बीती देर रात मंडी थाना अंतर्गत कुबरेश्वर धाम के पास ग्राम नापलाखेड़ी के नजदीक एक यात्री बस पलट गई इस हादसे में 6 यात्री घायल हो गए बताया गया है कि यह बस इंदौर से भोपाल जा रही थी. सभी घायलों को मंडी थाना पुलिस ने उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा.
जानकारी के अनुसार बीती रात इंदौर से भोपाल जा रही यात्री बस जब कुबेरेश्वर धाम के समीप पहुंची तभी आगे चल रहे ट्रक चालक ने बे्रक लगा दिए. नतीजतन बस पीछे से ट्रक में जा टकराई. इस हादसे में जहां ट्रक पलट गया वहीं यात्रियों से भरी बस भी सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी. बस को पलटा हुआ देखकर वहां से निकल रहे राहगीरों ने इसकी सूचना मंडी थाना पुलिस को दी. इसके बाद मंडी थाना प्रभारी सुनील मेहर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस के जवानों व राहगीरों के सहयोग से 3 घंटे की मशक्कत के बाद बस से यात्रियों को निकालकर नजदीक के अस्पताल भिजवाया गया. मंडी थाना प्रभारी सुनील मेहर ने बताया कि सभी घायल भोपाल के निवासी हैं जो प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रवाना हो गए थे.
