
नवभारत द्वारा चलाई गई मुहिम रंग लाई, पुणे और रायपुर के लिए मिली कनेक्टिविटी
जबलपुर। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को मध्यप्रदेश को रीवा से पुणे, जबलपुर से रायपुर एवं ग्वालियर से केएसआर बेंगलुरु सिटी तीन नई रेल गाड़ियों सौगात की घोषणा की साथ ही पीएम गतिशक्ति योजना के तहत मध्यप्रदेश को 24 हज़ार 208 करोड़ की नई रेलवे परियोजनाओं की सौगात भी दी। गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित एक विशेष प्रेस वार्ता में मध्यप्रदेश के रेलवे नेटवर्क को और सशक्त बनाने हेतु केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत महत्वपूर्ण रेलवे परियोजनाओं एवं नई रेल गाड़ियों की जानकारी रेल मंत्री ने साझा की।
मप्र को मिली तीन ट्रेनें, जिसमें से दो जबलपुर के खाते मेंआई हैं।
रीवा – पुणे एक्सप्रेस यह नई ट्रेन रीवा से जबलपुर होते हुए पुणे तक चलाई जाएगी। इससे विंध्य क्षेत्र से महाराष्ट्र की ओर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधा और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।
जबलपुर – रायपुर एक्सप्रेस यह सेवा जबलपुर से नैनपुर और गोंदिया होते हुए रायपुर तक चलेगी, जिससे महाकौशल और छत्तीसगढ़ के बीच यात्री आवागमन में सुविधा और तीव्रता आएगी।
ग्वालियर – केएसआर बेंगलुरु सिटी एक्सप्रेस यह ट्रेन ग्वालियर से गुना और भोपाल होते हुए बेंगलुरु तक संचालित की जाएगी, जिससे मध्यप्रदेश से दक्षिण भारत के बीच सीधी रेल सेवा उपलब्ध होगी।
नवभारत ने प्रमुखता से उठाई थी आवाज
संस्कारधानी से पुणे, पुरी, रायपुर, बालाघाट जैसे रेल रूट्स पर ट्रेनों का सूखा खत्म करने के लिए नवभारत द्वारा समय-समय पर प्रमुखता से आवाज़ उठाई गई थी। बता दें कि इन रूट पर चलने वाली मुट्ठी भर ट्रेन पहले से ही पैक रहती है जिससे इन रूट में शहर से यात्रा करने वाली यात्रियों को काफी परेशानियों को सामना करना पड़ता था। बहरहाल रेलवे द्वारा अब इन रूट पर ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है जिसका टाइम टेबल 2 से 3 दिनों के अंदर जारी कर दिया जाएगा।
इनका कहना है
नई ट्रेनें मिलने से यात्रियों को सुविधा मिलेगी। जल्द ही इनका टाइम टेबल भी जारी कर दिया जाएगा।
हर्षित श्रीवास्तव, सीपीआरओ, पश्चिम मध्य रेल
