
छतरपुर। जिले में आयोजित “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम के तहत कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने ढड़ारी के शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को जिज्ञासु बनने की सलाह देते हुए कहा कि दिमाग में आने वाले हर प्रश्न को पूछें और उसके उत्तर खोजें। उन्होंने नियमित दिनचर्या बनाने और अपने लक्ष्य के प्रति स्पष्ट रहने पर जोर दिया।
कक्षा के दौरान विद्यार्थियों ने डॉक्टर, आईएएस, पुलिस, आर्मी, बिजनेसमैन और पेंटर बनने की इच्छा जताई। इस पर कलेक्टर ने “क्या, क्यों, कब और कैसे” जैसे चार महत्वपूर्ण पहलुओं को समझाते हुए बताया कि ये लक्ष्य निर्धारण और करियर निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को कक्षा 12वीं तक सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने की सलाह भी दी। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने बच्चों से सवाल-जवाब कर उनकी समझ को परखा और उत्साहवर्धन किया, साथ ही कॉपियां भी वितरित कीं।
कलेक्टर ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार सभी अधिकारी स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस वर्ष कक्षा 5वीं और 8वीं के परीक्षा परिणाम में सुधार हुआ है, जो शिक्षा की गुणवत्ता में सकारात्मक बदलाव का संकेत है।
