
खंडवा। पंधाना विधानसभा क्षेत्र के अरदाला तालाब में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। प्रतिमा ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक तालाब में पलट गई, जिससे उसमें सवार करीब 20 लोग पानी में जा गिरे। हादसे में अब तक 11 लोगों के डूबने की खबर आई, जिनमें से 10 मृतकों की पहचान हो चुकी है। मृतकों में ज्यादातर मासूम बच्चियां और किशोर शामिल हैं।
मरने वालों में शर्मिला पिता प्यार सिंह (15), आरती पिता प्यार सिंह, दिनेश पिता शांतिलाल (13), उर्मिला रेलसिंह (16), गणेश पिता तेर सिंह (20), किरण रेमसिंह (16), पाटली कैलाश (25), रेवसिंह मुंशी सिंह (13), आयुष पिता भारत (9) और संगीता पिता ज्ञान सिंह (16) शामिल हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने राहत-बचाव अभियान शुरू किया। जेसीबी की मदद से ट्रॉली बाहर निकाली गई और गोताखोरों को तलाश में लगाया गया। पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने खंडवा के ग्राम जामली और उज्जैन के समीप इंगोरिया थाना क्षेत्र में दुर्गा विसर्जन के दौरान हुए हादसों को अत्यंत दुखद बताते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता और घायलों को नजदीकी अस्पताल में समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने देवी मां दुर्गा से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना भी की।
