नर्मदापुरम् पुलिस का ‘नवाचार’ सूने घरों की चोरी पर लगेगी लगाम, शुरू हुई विशेष कार्ययोजना

इटारसी। अगर आप लंबी छुट्टी पर जाने वाले हैं और अपने सूने घर की चिंता आपको सता रही है, तो अब राहत की सांस लीजिए! नर्मदापुरम् पुलिस ने हाल ही में बढ़ी सूने घरों में चोरी एवं गृह-भेदन की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिए एक शानदार और सामुदायिक पहल शुरू की है, जिसका नाम है ‘सजग प्रहरी’ (आपका सफर, हमारी जिम्मेदारी)। पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा (भापुसे) के मार्गदर्शन में यह नवाचार लागू किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य चोरी पर नियंत्रण स्थापित करते हुए सामुदायिक पुलिसिंग को भी बढ़ावा देना है।

कैसे काम करेगी ‘सजग प्रहरी’ योजना?

यह योजना बेहद सरल और सीधे पुलिस-नागरिक सहयोग पर आधारित है।

जाते समय करें सूचित : यदि आप अपने निवास स्थान से बाहर जा रहे हैं या आपका घर लंबे समय के लिए सूना रहने वाला है, तो तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दें।

सूचना का माध्यम : इसके लिए आपको 7701052434 पर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करना होगा।

आवेदन है जरूरी : पुलिस कंट्रोल रुम, सूचना संबंधित थाने और थाना प्रभारी को भेजेगा। साथ ही, सूचनाकर्ता को संबंधित थाने में एक आवेदन पत्र देने की समझाइश भी दी जाएगी।

सुरक्षा होगी सुनिश्चित : संबंधित थाना प्रभारी इस सूने स्थान को चिन्हित करेंगे। इसके बाद, बीट पेट्रोलिंग और गश्त के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

इस पहल के तहत, अब नर्मदापुरम् के नागरिक अपने सफर का आनंद बेफिक्र होकर ले सकते हैं, क्योंकि उनके घरों की जिम्मेदारी अब खाकी वर्दी ने उठा ली है। यह कदम अपराधियों को साफ संदेश देता है कि सूने घरों में सेंधमारी अब आसान नहीं होगी।

Next Post

झोपड़ी में लगी आग, वृद्ध की मौत जियावन के चहली गांव की घटना, जांच में जुटी पुलिस

Thu Nov 27 , 2025
सिंगरौली। जियावन थाना क्षेत्र के बंधा चहली गांव में आज दिन गुरुवार की रात दिल दहला देने वाली घटना हुई। घर के बाहर बनी कच्ची झोपड़ी में सो रहे 85 वर्षीय बुजुर्ग तेजा बैगा आग की चपेट में आकर जिंदा जल गए। सुबह जब ग्रामीणों की नींद खुली तो झोपड़ी […]

You May Like