सतना: इंडियन प्रीमियर लीग के फाइनल मुकाबले को लेकर रविवार रात शहर में जबरदस्त उत्साह और रोमांच देखने को मिला। खेल के प्रति दीवानगी इस कदर थी कि युवाओं से लेकर हर उम्र के क्रिकेट प्रेमी टीवी और मोबाइल स्क्रीन से चिपके रहे।
शहर के सीताराम पेट्रोल पंप के समीप युवाओं द्वारा आईपीएल फाइनल मैच आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बीच खेल गए मैच का लाइव प्रसारण के लिए एक विशाल स्क्रीन लगाई गई थी। मैच शुरू होते ही यहां क्रिकेट प्रेमियों का हुजूम उमड़ पड़ा। चौके-छक्कों और विकेट गिरने पर युवाओं ने जमकर शोरगुल की और अपनी पसंदीदा टीम का उत्साहवर्धन किया।
मैच के दौरान पल-पल बदलते समीकरणों के साथ दर्शकों की सांसें भी थमती नजर आईं। बड़ी स्क्रीन के सामने बैठे क्रिकेट प्रेमियों का कहना था कि स्टेडियम जैसा माहौल शहर में ही मिल जाने से मैच देखने का मजा दोगुना हो गया।
सुशांत सक्सेना ने बताया कि क्रिकेट प्रेमियों के मनोरंजन के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा, हम सभी यहाँ मैच का लुत्फ उठाने के लिए एकत्रित हुए हैं। विकेट गिरने और चौके-छक्कों की बौछार पर जश्न मनाने के लिए ढोल और बाजे का इंतजाम किया गया है, जिससे मैच देखने का रोमांच दोगुना हो गया है।
अनूप प्रताप सिंह ने कहा कि खेल प्रेमियों के मनोरंजन के लिए यह एक बेहतर मंच है। बड़ी स्क्रीन पर मैच देखना एक शानदार अनुभव है। उन्होंने खेल भावना का परिचय देते हुए कहा कि वे किसी एक टीम के नहीं, बल्कि दोनों ही टीमों के प्रदर्शन का समर्थन कर रहे हैं।
मैच देख रहे सचिन सिंह ने दर्शकों के उत्साह को साझा करते हुए बताया कि फाइनल मैच को लेकर लोगों में काफी दीवानगी है। उन्होंने विशेष रूप से आरसीबी का जिक्र करते हुए कहा कि इस टीम के मैच को देखने के लिए सबसे ज्यादा भीड़ उमड़ रही है। बड़ी स्क्रीन पर सामूहिक रूप से मैच देखना लोगों के लिए यादगार अनुभव साबित हो रहा है।देर रात तक चले इस मुकाबले में हर गेंद पर दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा और पूरा माहौल क्रिकेट के रंग में रंगा नजर आया.
