कैंसर की ओर बढ़ते कदम, शौक और तनाव के नाम पर बढ़ रहा तंबाकू सेवन

सतना:देशभर में विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर तंबाकू छोड़ने का संदेश दिया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे उलट नजर आ रही है. सतना में युवाओं के बीच सिगरेट, गुटखा और सुपारी का चलन तेजी से बढ़ रहा है. डॉक्टर कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों को लेकर चेतावनी दे रहे हैं, दुकानदार युवाओं को सबसे बड़ा ग्राहक बता रहे हैं, जबकि छात्र खुद स्वीकार कर रहे हैं कि शौक और तनाव के नाम पर बड़ी संख्या में युवा धूम्रपान की ओर बढ़ रहे हैं.

युवाओं में बढ़ रहा तंबाकू का सेवन

सतना के दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव प्रताप सिंह ने बताया कि उनके पास आने वाले मरीजों में बड़ी संख्या ऐसे लोगों की होती है जो लंबे समय से तंबाकू, गुटखा, सुपारी अथवा सिगरेट का सेवन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवा वर्ग इन उत्पादों का सबसे अधिक उपभोग कर रहा है.

महिलाओं में भी बढ़ रही सिगरेट की लत

डॉ. गौरव प्रताप के अनुसार पहले जहां तंबाकू और सिगरेट का सेवन मुख्य रूप से पुरुषों तक सीमित माना जाता था, वहीं अब महिलाओं में भी सिगरेट की लत बढ़ती दिखाई दे रही है. इसके साथ है उन्होंने बताया कि मुंह का कम खुलना, मुंह के अंदर सफेद या लाल धब्बे पड़ना, लगातार छाले बने रहना, निगलने में परेशानी होना, मुंह या गले में गांठ महसूस होना और बिना कारण लंबे समय तक दर्द बने रहना कैंसर के शुरुआती लक्षण हो सकते हैं. ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेना आवश्यक है.

दुकानदार बोले, 20 से 25 वर्ष के युवा सबसे ज्यादा ग्राहक

शहर के व्यवसायी सेठी लाल पटेल ने बताया कि दुकान पर गुटखा और सिगरेट दोनों की बिक्री काफी ज्यादा है. उनके अनुसार 20 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवा इन उत्पादों की सबसे अधिक खरीदारी करते हैं.

शौक और तनाव बन रहा बहाना

महाविद्यालय में पढ़ने वाले छात्र ( सौरभ गुप्ता ) ने बताया कि युवाओं में सिगरेट पीने का चलन लगातार बढ़ रहा है. कुछ युवा इसे शौक के तौर पर अपनाते हैं, जबकि कई लोग तनाव या मानसिक दबाव का हवाला देकर सिगरेट का सेवन करते हैं. हालांकि धीरे-धीरे यह आदत लत का रूप ले लेती है, जिससे छुटकारा पाना आसान नहीं होता.

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि तंबाकू से होने वाली अधिकांश बीमारियों से बचाव संभव है, यदि लोग समय रहते इसकी लत से दूर हो जाएं. विश्व तंबाकू निषेध दिवस का उद्देश्य लोगों को तंबाकू दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

Next Post

वैभव सूर्यवंशी से लेकर साई सुदर्शन तक…, देखें IPL 2026 में अवॉर्ड विनर खिलाड़ियों की पूरी लिस्ट

Mon Jun 1 , 2026
अहमदाबाद में आरसीबी की खिताबी जीत के बाद अलग-अलग श्रेणियों के लिए चयनित खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान सबसे ज्यादा अवॉर्ड वैभव सूर्यवंशी ने अपने नाम किए। अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर आईपीएल 2026 के खिताब पर कब्जा जमाया। इसके […]

You May Like