नयी दिल्ली, 24 जून (वार्ता) भारत ने मंगलवार को इजरायल-ईरान के बीच संघर्ष विराम की रिपोर्टों तथा इसे लागू करने में अमेरिका और कतर द्वारा निभाई गई भूमिका का स्वागत करते हुए दोहराया कि क्षेत्र में कई संघर्षों को हल करने के लिए संवाद और कूटनीति का कोई विकल्प नहीं है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि भारत इन प्रयासों में अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार है और उम्मीद करता है कि सभी संबंधित पक्ष निरंतर शांति और स्थिरता की दिशा में काम करेंगे।
प्रवक्ता ने कहा, “हम ईरान और इजरायल के बीच संघर्ष विराम तथा समग्र और टिकाऊ क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता के लिए अमेरिका एवं कतर द्वारा निभाई गई भूमिका की रिपोर्टों का स्वागत करते हैं।”
प्रवक्ता ने कहा कि भारत ईरान और इजरायल के बीच संघर्ष से संबंधित घटनाक्रमों पर दिन-रात पैनी नजर रखे हुए है जिसमें ईरान की परमाणु सुविधाओं के खिलाफ अमेरिकी कार्रवाई और कतर में अमेरिकी सैन्य ठिकानों के खिलाफ ईरानी जवाबी कार्रवाई शामिल है। उन्होंने कहा कि भारत क्षेत्र में समग्र और टिकाऊ सुरक्षा एवं स्थिरता की संभावनाओं के बारे में अत्यधिक चिंतित है।
प्रवक्ता ने कहा, “भारत इन प्रयासों में अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार है और उम्मीद करता है कि सभी संबंधित पक्ष निरंतर शांति और स्थिरता की दिशा में काम करेंगे।”
