
छिंदवाड़ा। पुलिस ने गिरफ्तर 14 जुआरियों का रविवार को जुलुस निकाला। इस दौरान उन्हें कुछ दूरी तक पैदल ले जाया गया। जुआरियों से कान पकड़कर उठक-बैठक लगवाई गई। इसके बाद सभी जुआरियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां सभी को जेल भेज दिया गया। गौरतलब है कि शहर के नई आबादी क्षेत्र में कोचिंग की आड़ में जुआफड़ संचालित किया जा रहा था। शनिवार शाम पुलिस ने जुआफड़ पर दबिश देकर मौके से 14 जुआरियों को दबोचा है। जुआरियों से 1 लाख 33 हजार 120 रुपए नकद, 17 मोबाइल, 2 कार और 6 बाइक जब्त की है। पुलिस ने मकान मालिक और एक अन्य फरार जुआरी को इस मामले में आरोपी बनाया है। कुंडीपुरा टीआई महेन्द्र भगत ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर नई आबादी स्थित एक मकान में दबिश दी गई थी। यहां सामने वाले कमरे में कोचिंग संचालित की जाती है, वहीं बगल के रूम में जुआफड़ संचालित किया जा रहा था।
इन आरोपियों को किया था गिरफ्तार
पुलिस टीम ने मौके से छिंदा पेंच निवासी नितिन डेहरिया, चंदनगांव निवासी अल्केश लोखंडे, दीघावानी निवासी जाउल्ल उर्फ राजा कुरैशी, यादव कॉलोनी निवासी शाहबाज अंसारी, सुंदर देवरे कॉलोनी निवासी शैलेन्द्र उज्जवने, बरारीपुरा निवासी राजेश उर्फ राजा चैरसिया, पुलपुलडोह निवासी दुर्गेश यादव, रोहना निवासी इस्तयाक खान, सागरपेशा निवासी राहुल उर्फ चक्की ठाकुर, रावनवाड़ा निवासी कमलेश कैथवास, महुआटोला निवासी विनय यादव, छिंदा निवासी मोहित साहू, खजरी निवासी पंकज मालवीय और त्रिलोकी नगर निवासी निलेश वंशकार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जुआफड़ संचालक मुन्ना कुकरेजा और मकान मालिक बंटी मैद को भी प्रकरण में आरोपी बनाया है।
