
छतरपुर। भीषण गर्मी के बीच छतरपुर पुलिस ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक सराहनीय पहल की है। शुक्रवार दोपहर एसपी ऑफिस परिसर में पक्षियों के लिए पानी और दाने की व्यवस्था की गई। यह अभियान पुलिस अधीक्षक अगम जैन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले के निर्देशन में चलाया गया।
अभियान के तहत परिसर में पेड़ों पर मिट्टी के सकोरे और पात्र टांगकर उनमें पानी भरा गया, ताकि तेज गर्मी में पक्षियों को आसानी से पानी मिल सके। साथ ही उनके लिए दाने की भी व्यवस्था की गई, जिससे उन्हें भोजन की कमी न हो।
एसपी अगम जैन ने बताया कि जैसे इंसानों के लिए गर्मी में पानी जरूरी है, वैसे ही पक्षियों के लिए भी जल और भोजन अत्यंत आवश्यक है। इसी सोच के साथ यह पहल शुरू की गई है, जिससे गर्मी के मौसम में उन्हें राहत मिल सके।
इसके अलावा एसपी कार्यालय में आने वाले आम नागरिकों और पीड़ितों के लिए भी ठंडे और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इस दौरान पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती है, बल्कि जीव-जंतुओं के प्रति मानवीय संवेदनशीलता का भी प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है।
