
खंडवा। जिले के बोरगांव बुजुर्ग क्षेत्र में एक महिला पर गंभीर हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने एक युवक पर घर में घुसकर महिला के साथ वीभत्स तरीके से मारपीट करने और धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाया है। महिला का इलाज अस्पताल में जारी है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार, घटना 11 अप्रैल की रात की है। उस समय महिला का पति काम के सिलसिले में घर से बाहर गया हुआ था। आरोप है कि युवक ने घर में घुसकर महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की और विरोध पर उस उसके शरीर के ऊपरी हिस्से सीने पर चाकू से वार किए जिससे गंभीर चोटें आई हैं।
परिवार का यह भी दावा है कि आरोपी भाजपा मंडल अध्यक्ष का भतीजा है, जिसका नाम आकाश पटेल है, वह पिछले कुछ समय से महिला को परेशान कर रहा था। घटना के बाद महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि घटना के छह दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने अब तक मामला दर्ज नहीं किया है और शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। हालांकि, संबंधित चौकी प्रभारी का कहना है कि उन्हें इस संबंध में अब तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
इधर, मामले में आरोपी के कथित राजनीतिक संबंधों को लेकर भी चर्चा है।
फिलहाल, पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, महिला की स्थिति को देखते हुए परिवार न्याय की मांग कर रहा है।
