तेहरान, 24 अप्रैल (वार्ता) ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची शुक्रवार शाम पाकिस्तान की यात्रा पर जाएंगे। अधिकारियों ने इसे ‘द्विपक्षीय परामर्श’ बताया है, जबकि इसे संभावित वार्ता प्रयासों से भी जोड़ा जा रहा है। ईरानी मीडिया के अनुसार, श्री अराघची की इस यात्रा के तहत वे इस्लामाबाद के अलावा मस्कट और मॉस्को भी जाएंगे। इस्लामिक रिपब्लिक समाचार एजेंसी (इरना) के मुताबिक, यात्रा का उद्देश्य द्विपक्षीय चर्चाएं करना, क्षेत्रीय घटनाक्रम पर विचार-विमर्श करना तथा ईरान पर अमेरिका और इजराइल द्वारा लगाये गये दबाव से जुड़े हालात की समीक्षा करना है।
इस बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर कहा है कि ईरान अंततः अमेरिका के साथ समझौता करेगा और यह उनकी शर्तों पर होगा। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी जल्दबाजी की आवश्यकता नहीं है।
ईरान ने लगातार यह रुख दोहराया है कि वह तभी किसी समझौते के लिए तैयार होगा जब अमेरिकी नाकेबंदी समाप्त होगी और वार्ता ‘युद्ध के साये’ में नहीं हो सकती।
अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी कहा है कि ईरानी बंदरगाहों पर लगायी गयी नाकेबंदी से ईरान पर दबाव बनेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समझौता नहीं हुआ तो सैन्य कार्रवाई फिर शुरू हो सकती है।
इस बीच, अमेरिकी प्रशासन की ओर से इस्लामाबाद में संभावित वार्ता के दूसरे दौर को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है।
उल्लेखनीय है कि अमेरिका के उप राष्ट्रपति जे डी वांस की पाकिस्तान यात्रा प्रस्तावित थी, लेकिन ईरान द्वारा प्रतिनिधिमंडल न भेजे जाने के कारण यह दौरा रद्द कर दिया गया।
