इंदौर:मध्य प्रदेश मेट्रो ने इंदौर मेट्रो की सुविधा बढ़ाने को लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. एमपी मेट्रो कॉर्पोरेशन ने दूसरे चरण के लिए नया मार्ग तय कर लिया है और उसका प्रस्ताव कर रहे हैं. इसकी डीपीआर बनाने पर जल्द ही काम शुरू हो जाएगा. खास बात यह है कि इस बार दूसरा चरण पूरा भूमिगत लाइन पर बनेगा.
मेट्रो की येलो लाइन का हिस्सा खजराना से रीगल चौराहा तक बनाने का फैसला होगा जब होगा. एमपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने इंदौर में मेट्रो रेल का विस्तार करने की योजना बना ली है. इसके तहत एमपी मेट्रो दूसरे चरण में अरविंदो से राजेंद्र नगर तक भूमिगत लाइन डालेगा. यह मेट्रो की रेड लाइन होगी. इस लाइन का सेंटर बड़ा गणपति स्टेशन बनाने का प्रस्ताव किया गया है. मेट्रो रेल के सूत्रों के अनुसार मेट्रो का दूसरा चरण लवकुश चौराहे से भूमिगत होकर बड़ा गणपति से महू चौराहे, अन्नपूर्णा होते हुए राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन तक बनाया जाएगा. एमपी मेट्रो ने इसकी अनुमानित लागत करीब 35 सौ करोड़ रुपए मानी है. यह करीब 15 किलोमीटर से ज्यादा लंबी रेड लाइन होगी. इसमें येलो लाइन की मेट्रो का क्रॉसिंग भी होगा.
प्राथमिक स्तर पर मार्ग तय
बताया जा रहा है कि उक्त पूर्णतः भूमिगत रेल लाइन में अन्नपूर्णा, महूनाका, बड़ा गणपति, मरीमता चौराहा, कुशवाह नगर, बाणगंगा स्टेशन होंगे. उक्त लाइन का प्राथमिक स्तर पर मार्ग तय हो चुका है. बताया जा रहा है कि भविष्य में राजेंद्र नगर से राऊ और फिर महू को मेट्रो से जोड़ने की योजना भी है.
दूसरे चरण की डीपीआर की तैयारी
अरविंदो से राजेंद्र नगर भूमिगत लाइन बिछाने का भी तय हो गया है और दूसरे चरण की डीपीआर तैयार करने के साथ ही प्रदेश सरकार के अनुमोदन के बाद दिल्ली मेट्रो को भेजने की तैयारी चल रही है. डीपीआर मंजूर होते ही एमपी मेट्रो कॉर्पोरेशन टेंडर प्रक्रिया शुरू कर देगी. इस सब प्रक्रिया में छह माह का समय तय किया गया है.
