छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में गुंडा परेड का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राज राजा उर्फ इंद्रजीत बुंदेला मिश्रा, निवासी छत्रसाल नगर, छतरपुर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ अवैध हथियार, मारपीट और एससी-एसटी एक्ट समेत 10 से अधिक अपराधों के मामले पहले से दर्ज हैं।
हाल ही में अपराध नियंत्रण के तहत थाना पुलिस ने कई अपराधियों की गुंडा परेड कराई थी। इसी दौरान आरोपी ने वीडियो बनाकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया। वीडियो में पुलिस की मौजूदगी के साथ ‘आदेश महाकाल का’ लिखकर डर का माहौल फैलाने की कोशिश की गई थी।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और आयुध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने बताया कि जिले में अब तक 460 से अधिक आरोपी अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।
