एमडी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़, 40 लाख की सामग्री जब्त, खेडी दायमा बना सिंथेटिक ड्रग हब

नीमच। अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश लगातार दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस महानिदेशक, पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा सिंथेटिक ड्रग के निर्माण, भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल के निर्देशन में जिले के समस्त थाना प्रभारियों को अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अधिकतम कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीमच नवल सिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी मनासा निकिता सिंह के कुशल मार्गदर्शन में 06 थानों के पुलिस बल एवं पुलिस लाइन से प्राप्त बल की कुल 10 टीमों का गठन किया गया।

खेडी दायमा में केमिकल भंडारण गृह पर दबिश-

दिनांक 16.01.2026 को थाना मनासा पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में फरार आरोपियों की तलाश के दौरान मुखबिर सूचना के आधार पर ग्राम खेडी दायमा में एक मकान पर दबिश दी गई। मौके से दो व्यक्तियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया, जिनके कब्जे से भारी मात्रा में सिंथेटिक ड्रग, निर्माण सामग्री एवं केमिकल बरामद किए गए। पुलिस द्वारा मौके से लगभग 40 लाख रुपये मूल्य की सामग्री, सिंथेटिक ड्रग निर्माण से संबंधित 150 किलोग्राम एमडी बनाने के विशेष अभिलेख, नोट गिनने की मशीन एवं इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे जप्त किए गए।

आरोपी गिरफ्तार, एक फरार-

इस कार्रवाई में राहुल पिता नाथूलाल दायमा बंजारा एवं गोविंद पिता मन्नालाल दायमा बंजारा, निवासी ग्राम खेडी दायमा, थाना मनासा को गिरफ्तार किया गया है। जबकि तीसरा आरोपी प्रकाश पिता किशनलाल दायमा बंजारा फरार है, जिसकी तलाश जारी है। थाना मनासा पर अपराध क्रमांक 31/26 अंतर्गत धारा 8/15, 8/20, 8/22, 8/28 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

जप्त सामग्री-

सिंथेटिक ड्रग – 585 ग्राम (कीमत 8,60,000), नशीली गोलियां – 60 नग, डोडाचूरा – 02 किलोग्राम,

गांजा – 450 ग्राम, एमडी बनाने का रॉ मटीरियल – 30 किलोग्राम (कीमत 30,00,000), नोट गिनने की मशीन, छोटे-बड़े इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे, एमडी निर्माण के 150 किलोग्राम के विशेष अभिलेख।

Next Post

भागीरथपुरा में डायरिया का असर बरकरार, 6 मरीज आईसीयू में 116 मरीज पहुंचे, 10 वार्ड में भर्ती

Sat Jan 17 , 2026
इंदौर. भागीरथपुरा क्षेत्र में डायरिया और पेट संबंधी बीमारियों की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है. शनिवार को क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और अस्पतालों में 116 मरीज उपचार के लिए पहुंचे, जिनमें छह मरीज डायरिया से पीड़ित पाए गए. बीमारी की गंभीरता को देखते हुए छह मरीजों को […]

You May Like