आईटी सेक्टर में लिवाली से सेंसेक्स 1,100 अंक चढ़ा, एचसीएल का शेयर आठ प्रतिशत उछला

मुंबई, 13 अक्टूबर (वार्ता) आईटी सेक्टर में जबरदस्त लिवाली से घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,100 अंक से अधिक की बढ़त में बंद हुआ और एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर आठ फीसदी से अधिक उछल गया। सेंसेक्स पिछले कारोबारी दिवस के मुकाबले 1,109.10 अंक (1.54 प्रतिशत) चढ़कर 73,033.78 अंक पर पहुंच गया। इससे पहले यह नीचे 71,703.56 अंक और ऊपर 73,045.67 अंक तक गया था। इस प्रकार आज इसमें 1,342 अंकों का उतार-चढ़ाव देखा गया। अच्छे तिमाही परिणाम से एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 8.28 प्रतिशत की बढ़त में रहा। कंपनी ने सोमवार को बताया था कि मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में उसका शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 21.2 प्रतिशत बढ़कर 5,132 करोड़ रुपये और राजस्व 11.5 फीसदी बढ़कर 35,620 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। दूसरी आईटी कंपनियों में भी तेजी रही। रुपये में लगातार दूसरे दिन जारी तेजी से भी शेयर बाजार में निवेश धारणा मजबूत हुई है।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी सुबह सपाट खुलने के बाद अंत में 358.60 अंक यानी 1.60 प्रतिशत की बढ़त में 22,721.95 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों का यह एक सप्ताह का उच्चतम स्तर है। पिछले कारोबारी दिवस पर दोनों प्रमुख सूचकांक लाल निशान में रहे थे। वृहत बाजार में भी चौतरफा लिवाली रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.87 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.11 प्रतिशत मजबूत हुआ।

अच्छे तिमाही परिणामों के कारण आईटी कंपनियों में लिवाली रही। निफ्टी आईटी सूचकांक 5.22 प्रतिशत उछल गया। रियल्टी समूह का सूचकांक 2.46 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ। ऑटो, बैंकिंग, वित्त, एफएमसीजी, धातु और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों के सूचकांक भी एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त में रहे। एनएसई में जिन 3,644 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,127 के शेयर हरे निशान में और 1,417 के लाल निशान में बंद हुए। अन्य 100 कंपनियों के शेयर दिन भर के उतार-चढ़ाव के बाद अंततः अपरिवर्तित रहे। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 27 के शेयरों में तेजी रही। एचसीएल के बाद टीसीएस का शेयर सबसे अधिक 6.59 प्रतिशत, टेक महिंद्रा का 4.90 प्रतिशत और इंफोसिस का 4.44 प्रतिशत की बढ़त में रहा।

हिंदुस्तान यूनीलिवर का शेयर 2.94 प्रतिशत, ट्रेंट का 2.61 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व का 2.43, बजाज फाइनेंस का 2.27, टाइटन का 1.70, महिंद्रा एंड महिंद्रा और बीईएल के 1.69, भारती एयरटेल का 1.59 और भारतीय स्टेट बैंक का 1.58 प्रतिशत मजबूत हुआ। अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर 1.49 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक का 1.41, टाटा स्टील का 1.39, आईटीसी का 1.34, एलएंडटी का 1.24, आईसीआईसीआई बैंक का 1.13, एशियन पेंट्स का 1.11 और एक्सिस बैंक का 1.04 प्रतिशत ऊपर रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज, सन फार्मा, अडानी पोर्ट्स और पावरग्रिड के शेयर भी हरे निशान में बंद हुए। कोटक महिंद्रा बैक, इटरनल और मारुति सुजुकी के शेयरों में गिरावट रही। वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 1.82 प्रतिशत की गिरावट में रहा। हांगकांग का हैंग सेंग 0.30 फीसदी और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.10 प्रतिशत की बढ़त में रहा। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में ब्रिटेन का एफटीएसई 0.55 प्रतिशत और जर्मनी का डैक्स 0.20 प्रतिशत ऊपर था।

.....

Next Post

चाबी लगी टेम्पो ट्रैवलर लेकर निकला चालक, रास्ते में मचाया तांडव

Tue Oct 13 , 2026
इंदौर:शहर में मंगलवार सुबह एक बेकाबू टेम्पो ट्रैवलर ने कई वाहनों को टक्कर मार दी. सयाजी होटल के पास खड़ी चाबी लगी गाड़ी लेकर निकला चालक हीरानगर से बाणगंगा तक तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाता रहा. इस दौरान उसने एक लोडिंग वाहन और बाइक को टक्कर मारी, फिर बिजली के […]

You May Like

Play sound