
अशोकनगर। जिले के बहादुरपुर तहसील अंतर्गत ग्राम जसैया में मंगलवार दोपहर हुई एक आगजनी की घटना में तीन भाईयों की घर-गृहस्थी जलकर पूरी तरह से नष्ट हो गई। यह आग पास में रखे एक बिजली ट्रांसफार्मर से उठी चिंगारी से लगी। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक करीब पंद्रह लाख कीमती सामग्री जलकर खाक हो गई। राजस्व दल ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन किया है एवं मुआवजे का आश्वासन भी दिया है। बताया गया है कि जसैया गांव की बस्ती से कुछ दूरी पर वीर सिंह, अषोक बाबू और भगवत सिंह नामक किसानों के मकान बने हुए हैं। मकानों के नजदीक ही एक बिजली ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। मंगलवार को यह तीनों अपनी पत्नियों के साथ पास में ही स्थित एक यज्ञ में वेदी पर बैठे हुए थे। तभी मौजूद लोगों को धुंआ उठता हुआ दिखाई दिया। आग की आशंका से सभी दौड़कर मकानों पर पहुंचे तो आग चारों ओर से फैली हुई थी। करीब दो दर्जन लोगों ने मोटरपंप चलाकर और बाल्टियों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। दमकल भी बुलाई गई लेकिन आग ने एक ट्रैक्टर, एक पडिय़ा जिंदा जल गई। वहीं एक भैंस और एक पडिय़ा बुरी तरह झुलस गई हैं। घर में रखे कपड़े, अनाज, बर्तन आदि भी जलकर नष्ट हो गए। इस आग में 350 से अधिक पाईप, भूसा, कंडे, लकड़ी का नुकसान भी किसान को हुआ है।
मौके पर पहुंचा प्रशासन, नुकसान देखकर हुए भावुक:
आग लगने की सूचना जसैया की सरपंच सुनीता यादव ने प्रशासन को दी। इसके बाद मौके पर तहसीलदार कैलाश मालवीय, थाना प्रभारी बहादुरपुर नीलम सिंह यादव, पशु चिकित्सक पहुंचे। हल्का पटवारी सुरेश बैरागी ने नुकसान का पंचनामा बनाया। आग से नष्ट हुए घर-गृहस्थी को देखकर तहसीलदार भी भावुक हो गए। उन्होंने जल्द से जल्द मुआवजा दिलाने का आश्वासन पीडि़त परिवारों को दिया। सूचना मिलने पर कांग्रेस नेता यादवेन्द्र सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीडि़तों को दिलासा दिया।
बस्ती से दूर खेत में रहता है परिवार:
गांव के शिक्षक नेता राजभान सिंह यादव ने बताया कि यह परिवार बस्ती से थोड़ी दूर नदी के किनारे रहता है। जहां इन किसानों के खेत भी हैं। इस क्षेत्र में नरवाई को पहले ही नष्ट कर दिया गया है। मंगलवार को लगी आग बिजली ट्रांसफार्मर से उठी चिंगारी की बदौलत रही। गनीमत रही कि परिवार के अधिकांष सदस्य यज्ञ में थे, अन्यथा जनहानि भी हो सकती थी।
इनका कहना है।
चार आवासीय मकान एवं एक गैर आवासीय मकान प्रभावित हुआ है। एक ट्रैक्टर एवं कृषि उपकरण भी जलकर नष्ट हो गए हैं। एक भैंस की बछिया जलकर मर गई। दो घायल हैं। शुरूआती तौर पर करीब दस-पंद्रह लाख का नुकसान समझ आया है। आरबीसी 6-4 के नियमों के तहत जल्द से जल्द आर्थिक सहायता दी जाएगी।
कैलाश मालवीय, तहसीलदार, बहादुरपुर।
