बेटियों की पूजा व नारियों के सम्मान से ही देश प्रगति के पथ पर अग्रसर है: उप मुख्यमंत्री

रीवा। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि बेटियों की पूजा व नारियों के सम्मान से ही देश प्रगति के पथ पर अग्रसर है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा महिलाओं को संसद में आरक्षण देने के संबंध में जो विधेयक प्रस्तुत किया गया है. उससे भारत की आधी आवादी को देश हित के निर्णय में उनकी भागीदारी सुनिश्चित होगी. श्री शुक्ल ने नारी शक्ति पथ संचलन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया.

कृष्णा राजकपूर आडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिला सशक्तीकरण की दिशा में बड़ा कदम है. प्रधानमंत्री जी ने स्थानीय निकायों में महिलाओं को आरक्षण देने के उपरांत अब संसद में भी प्रतिनिधित्व देने का जो संकल्प लिया है वह अभिनंदनीय है जिसके माध्यम से नारी शक्ति को समुचित सम्मान मिलेगा. श्री शुक्ल ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के हित में अनेक योजनाएँ व कार्यक्रम संचालित किये जा रहे हैं जिसके माध्यम से महिलाएँ आगे बढ़ रही हैं. उन्होंने कहा कि जहाँ नारी की पूजा व सम्मान होता है वहां देवता भी वास करते हैं अत: नारी शक्ति का सम्मान करते हुए मजबूत इच्छा शक्ति के साथ उनके हक के लिये कार्य किये जा रहे हैं. श्री शुक्ल ने कहा कि विन्ध्य की महिलाएँ किसी से पीछे नहीं हैं देश की पहली महिला फाइटर पायलट हमारे यहाँ की हैं.

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने हम महिलाओं के हित में हमेशा ही कार्य किया है. उनका संकल्प है कि हर घर की महिला जागरूक हो, आगे आये और बराबरी के साथ चले. लखपती दीदी, स्वसहायता समूहों में महिलाओं की भागीदारी के साथ ही स्थानीय निकायों में हमें प्रतिनिधित्व मिला और अब नई राह खुल रही है. कार्यक्रम में महिला विदुषी श्रीमती ज्ञानवती अवस्थी ने कहा कि हमारी संस्कृति में मातृ वंदना होती है. मातृ शक्ति को ही सृष्टि की रचना का श्रेय दिया गया है इसलिए वह वंदनीय है. नारी अपने चरित्र से पुरूषों को प्रेरणा देती है इस लिए उसका स्थान सर्वोपरी हैं.

महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी नयन सिंह ने बताया कि नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा में 10 से 25 अप्रैल तक महिलाओं के सम्मान में अनेक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं. इसी कड़ी में संभाग स्तर का आयोजन किया गया है. कार्यक्रम में महिलाओं ने अपने मोबाइल फोन से मिस्डकाल कर महिला आरक्षण बिल का समर्थन किया. अवसर पर मातृ शक्तियों का सम्मान किया गया. कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्रीमती पन्नाबाई प्रजापति, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पूर्णिमा तिवारी, श्रीमती गीता माझी, जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, विधायक मनगवां इंजी. नरेन्द्र कुमार प्रजापति, अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास शशिश्याम उइके, श्रीमती दर्शना वाकड़े, आशीष द्विवेदी, जीवेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी, कर्मचारी व मातृ शक्तियाँ उपस्थित रही. कार्यक्रम का संचालन डॉ. आरती तिवारी ने किया.

Next Post

नदी में डूबने से दो मासूम दोस्तो की मौत

Thu Apr 16 , 2026
रीवा। मऊगंज जिले से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां नदी में डूबने से दो मासूम किशोरों की मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है. मामला हनुमना थाना क्षेत्र के पिपराही अदवा नदी का […]

You May Like