नदी में डूबने से दो मासूम दोस्तो की मौत

रीवा। मऊगंज जिले से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां नदी में डूबने से दो मासूम किशोरों की मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है. मामला हनुमना थाना क्षेत्र के पिपराही अदवा नदी का है.

जानकारी के मुताबिक बुधवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे आकाश सिंह उम्र 9 साल और दीपक सिंह उम्र 10 साल नदी में नहाने के लिए गए थे. बताया जा रहा है कि दोनों दोस्त पुल पर खड़े होकर नदी में छलांग लगा रहे थे. इसी दौरान आकाश सिंह जैसे ही नदी में कूदा, वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. अपने दोस्त को डूबता देख दीपक सिंह उसे बचाने के लिए तुरंत नदी में कूद गया, लेकिन अफसोस दोनों ही पानी की गहराई में समा गए और बाहर नहीं निकल पाए. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत रेस्क्यू शुरू किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव नदी से बाहर निकाले गए. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए हनुमना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया. गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद पिपराही चौकी प्रभारी गुलाब वर्मा ने शव परिजनों को सौंप दिए है. इस दर्दनाक हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है. मासूम बच्चों की इस तरह अचानक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है.

Next Post

चिकित्सक ड्यूटी के दौरान नियमित एवं प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करें: कलेक्टर 

Thu Apr 16 , 2026
सीधी।कलेक्टर विकास मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक लेकर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और आम नागरिकों को बेहतर एवं सुलभ उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की प्रदायगी को और अधिक प्रभावी बनाते हुए ऐसा सकारात्मक वातावरण निर्मित किया जाए, जिससे […]

You May Like