सतना: विंध्य चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित “चेम्बर से मिलिए” कार्यक्रम में व्यापारियों ने रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत के सामने शहर की यातायात व्यवस्था, बढ़ते अतिक्रमण, ठेले और ऑटो संचालन से जुड़ी समस्याओं को खुलकर रखा। चेम्बर अध्यक्ष सतीश सुखेजा ने कहा कि शहर में बढ़ते ठेले और अव्यवस्थित यातायात के कारण व्यापारियों के साथ आम नागरिकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने इन समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की।बैठक में साइबर अपराधों को लेकर भी चिंता जताई गई और अपराध होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय उनकी रोकथाम के लिए पहले से प्रभावी व्यवस्था बनाने पर जोर दिया गया। आईजी गौरव राजपूत ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि यातायात, ऑटो और ठेले से जुड़े मुद्दों पर संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा कर उचित समाधान की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर है और यदि किसी व्यक्ति की बात नहीं सुनी जा रही है तो वह सीधे उनसे संपर्क कर सकता है।
