
भोपाल। इंदौर शहर के भगीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रशासनिक फेरबदल किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंदौर नगर निगम के अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया को पद से हटाकर मंत्रालय भेज दिया गया है। इस कदम को दूषित जल आपूर्ति और लापरवाही के मामले में जवाबदेही तय करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
सरकारी आदेश के अनुसार रोहित सिसोनिया (2017 बैच), जो वर्तमान में अपर आयुक्त, नगर पालिक निगम इंदौर के पद पर पदस्थ थे, उन्हें हटाकर उप सचिव, मध्यप्रदेश शासन, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग में पदस्थ किया गया है।
इसके साथ ही अन्य अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं। आकाश सिंह (2019 बैच), मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत खरगोन को अपर आयुक्त, नगर पालिक निगम इंदौर पदस्थ किया गया है।
इसी क्रम में प्रखर सिंह (2020 बैच), मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत अलीराजपुर को अपर आयुक्त, नगर पालिक निगम इंदौर बनाया गया है।
इसके अलावा आशीष कुमार पाठक (2020 बैच), उप परिवहन आयुक्त इंदौर को अपर आयुक्त, नगर पालिक निगम इंदौर नियुक्त किया गया है।
इधर,भगीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद यह प्रशासनिक कार्रवाई सरकार की सख्ती और व्यवस्था सुधारने की मंशा को दर्शाती है। माना जा रहा है कि इस फेरबदल के बाद जल आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी और जवाबदेही को और मजबूत किया।
