
सीहोर। धनतेरस पर सीहोर का बाजार मानो खुशियों, उम्मीदों और खरीदारी के सैलाब से सराबोर हो उठा. सुबह से शुरू हुई ग्राहकों की रेलमपेल देर रात तक थमने का नाम नहीं ले रही थी. सर्राफा बाजार में सोने चांदी की चमक बिखरी तो ऑटोमोबाइल शोरूम में नए वाहनों की चाबियां थामने की होड़ नजर आई. बर्तन बाजार में परंपरा की खनक सुनाई दी तो कपड़ों और इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में भी ग्राहकों ने जमकर जेब ढीली की. गांधी रोड से लेकर शहर के प्रमुख बाजारों तक हर तरफ बस खरीदारी का जुनून दिखाई दिया. धनतेरस की इस धमाकेदार ग्राहकी ने जहां व्यापारियों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी, वहीं दीपावली के उत्सव का रंग भी बाजारों में पूरी तरह चढ़ गया.
दीपों के महापर्व दीपावली के पांच दिवसीय उत्सव का आगाज धनतेरस के साथ ही बाजारों में रौनक और उत्साह के रूप में दिखाई देने लगा. शुक्रवार की सुबह सूरज की पहली किरण के साथ ही शहर के बाजारों में खरीदारी का सिलसिला शुरू हो गया. जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, बाजारों में ग्राहकों की भीड़ भी बढ़ती गई. शाम होते-होते गांधी रोड सहित प्रमुख बाजारों में पैर रखने तक की जगह मुश्किल नजर आने लगी. कहीं सोने-चांदी के आभूषणों की चमक ग्राहकों को आकर्षित कर रही थी तो कहीं नए वाहनों की डिलीवरी लेने पहुंचे परिवारों के चेहरों पर खुशी झलक रही थी. बर्तन बाजार, कपड़ों की दुकानों और इलेक्ट्रॉनिक शोरूम पर भी दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही. कुल मिलाकर धनतेरस ने कारोबारियों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी.
धनतेरस पर नया वाहन खरीदना भी शुभ माना जाता है. शनिवार को धनतेरस का पर्व होने के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन शोरूम में पहले से ही तैयारियां कर ली गई थीं. कई ग्राहकों ने कुछ दिन पहले ही अपनी पसंद के वाहनों की बुकिंग करा दी थी. शुभ मुहूर्त में वाहन की डिलीवरी लेने के लिए परिवार सहित पहुंचे लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था. शोरूम में कहीं नए वाहनों की चाबियां सौंपी जा रही थीं तो कहीं परिवार के सदस्य नए वाहन के साथ अपनी तस्वीरें खिंचवाकर इस यादगार पल को संजो रहे थे.
धनतेरस पर पीतल, तांबा, स्टील सहित अन्य धातुओं के बर्तन खरीदने की परंपरा के चलते गांधी रोड स्थित बर्तन बाजार में भी जबरदस्त रौनक रही. छोटी से लेकर बड़ी दुकानों तक ग्राहकों की भीड़ दिखाई दी. किसी ने पूजा के लिए बर्तन खरीदे तो किसी ने रसोई की जरूरत के हिसाब से नए बर्तनों की खरीदारी की. दुकानदार ग्राहकों को सामान दिखाने और उनकी पसंद के अनुसार खरीदारी कराने में व्यस्त रहे.
बाजार में उमड़ी भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था को संभालना भी चुनौती बना रहा. गांधी रोड सहित प्रमुख मार्गों पर बार-बार जाम की स्थिति निर्मित होती रही। धनतेरस पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस की तैनाती अपेक्षाकृत कम नजर आई. नतीजतन बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों को कई बार जाम में फंसकर परेशानी उठानी पड़ी. इसके बावजूद खरीदारी का उत्साह कम नहीं हुआ और देर रात तक बाजारों में चहल-पहल बनी रही. धनतेरस की रौनक ने यह साफ कर दिया कि दीपावली को लेकर शहरवासी पूरी तरह उत्सव के रंग में रंग चुके हैं.
सोने- चांदी की चमक ने खींचा ध्यान
धनतेरस पर सोना-चांदी और अन्य धातुओं की खरीदारी को शुभ माना जाता है. इसी मान्यता के चलते सर्राफा बाजार में सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई थी. किसी ने सोने के सिक्के खरीदे तो किसी ने चांदी के सिक्कों और लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं को प्राथमिकता दी. वहीं कई परिवारों ने अपनी पसंद के आभूषणों की खरीदारी कर दीपावली की खुशियों को और खास बनाया. जीजीएस शोरुम संचालक गौरव सोनी का कहना था कि त्योहार के पहले कीमती धातुओं की कीमतों में आई गिरावट ने लोगों को सोने चांदी की ओर आकर्षित किया.
कपड़ों व इलेक्ट्रॉनिक शोरूम पर भी उमड़े ग्राहक
दीपमल्लिकाओं के महापर्व दीपावली पर घर को सजाने-संवारने और परिवार के लिए नई खरीदारी करने का उत्साह कपड़ा बाजार में भी नजर आया. रेडीमेड गारमेंट्स, साड़ी और अन्य परिधानों की दुकानों पर महिलाओं और युवाओं की अच्छी खासी भीड़ रही. वहीं इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, मोबाइल, एलईडी और घरेलू उपकरणों की खरीदारी के लिए ग्राहक पहुंचे. त्योहारी ऑफर और आकर्षक योजनाओं ने भी ग्राहकों को अपनी ओर खींचा.
