भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे के कर्मचारियों को 3 प्रतिशत बढ़े हुए महंगाई भत्ते और एरियर का भुगतान दिवाली से पहले किए जाने का दावा किया गया है. वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ ने इसे संगठन के संघर्ष और कर्मचारी हितों के लिए किए गए प्रयासों की बड़ी सफलता बताया है. संघ के महामंत्री एवं एनएफआईआर के संयुक्त महामंत्री अशोक शर्मा के नेतृत्व में पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक और प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी के साथ हुई वार्ता के बाद भुगतान का रास्ता निकालने की बात कही गई है. संघ के अनुसार, प्रशासनिक प्रक्रिया में आ रही अड़चन को दूर करने के लिए सप्लीमेंट्री बिल यानी अलग पे-स्लिप के माध्यम से भुगतान करने पर सहमति बनी है. इसके जरिए कर्मचारियों को बढ़े हुए 3 प्रतिशत के साथ पूरा एरियर देने की व्यवस्था की जाएगी. वेसेंरेमसं ने कहा कि संगठन लगातार कर्मचारियों के अधिकारों और आर्थिक हितों के लिए आवाज उठाता रहा है. इस निर्णय को उसी संघर्ष का परिणाम बताते हुए संघ ने अशोक शर्मा के नेतृत्व की सराहना की. संगठन ने उम्मीद जताई कि निर्धारित समय से पहले कर्मचारियों के बैंक खातों में बढ़ी हुई राशि पहुंच जाएगी.
