प्रधानमंत्री आवास पर प्रदर्शन करने को लेकर देश से माफी मांगे कांग्रेस: मल्होत्रा

नयी दिल्ली 22 जुलाई (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास के बाहर प्रदर्शन की घटना की निंदा करते हुए कांग्रेस पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान करने का आरोप लगाया है और देश से माफी मांगने की मांग की है। श्री मल्होत्रा ने बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि कांग्रेस द्वारा कल श्री मोदी के सरकारी आवास पर किया गया प्रदर्शन अत्यंत निंदनीय, दुर्भाग्यपूर्ण और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान और उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिन से जो आराजकता देखी जा रही है, वह छात्र आंदोलन नही है, असल में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, कम्युनिस्ट, समाजवादी पार्टी के बीच युवा आंदोलन भड़काने की चल रही चेष्टा का कुपरिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का पद 140 करोड़ देशवासियों का सम्मान है। उस पद और उस आवास को घेरकर कांग्रेस ने सिर्फ प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि देश की जनता का अपमान किया है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सत्ता से बेदखल होने की हताशा में कांग्रेस अब सड़क पर उतरकर अराजकता फैलाना चाहती है। भ्रष्टाचार, घोटालों और तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली कांग्रेस को जनता ने तीन बार नकार दिया तो अब वो संसद और सड़क दोनों में हंगामा करके देश का माहौल खराब कर रही है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली भाजपा विपक्षी कांग्रेस के इस कृत्य की कड़ी निंदा करती है और मांग करती है कि कांग्रेस पार्टी देश और प्रधानमंत्री से सार्वजनिक माफी मांगे। उन्होंने कहा, “हम भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील करते हैं कि वे शांति और अनुशासन के साथ कांग्रेस, “आप”, कम्युनिस्ट एवं अन्य विपक्षी दलों की इस ओछी राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दें।”

Next Post

सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता भारत और चीन के बीच सामान्य संबंधों की पहली शर्त : जयशंकर

Wed Jul 22 , 2026
नयी दिल्ली 22 जुलाई (वार्ता) विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता को दोनों देशों के बीच सामान्य संबंधों की पहली शर्त करार देते हुए कहा है कि इस पर ध्यान दिये जाने तथा संबंधित तंत्रों को इस दिशा में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किये […]

You May Like