पिटगारा चौराहे पर दर्दनाक हादसा, तीन की मौत, बच्ची घायल

बदनावर। लेबड़-नयागांव फोरलेन स्थित पिटगारा चौराहे पर शनिवार सुबह करीब 6.30 बजे अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपती और उनकी दो बेटियां गंभीर रूप से प्रभावित हुईं। हादसे में राहुल (35), पूजा (32) और उनकी 13 वर्षीय बेटी सुमन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 वर्षीय बेटी शिवानी घायल हो गई। घायल बच्ची का उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक परिवार बड़ा कठोडिय़ा का निवासी बताया जा रहा है। राहुल अपनी पत्नी पूजा और दोनों बेटियों के साथ खेरवास में लहसुन बोने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पिटगारा चौराहे पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

तीन घंटे सडक़ पर रहा आक्रोश-हादसे में तीन लोगों की मौत की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने चौराहे पर जाम कर दिया, जिसके चलते फोरलेन पर करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। स्थानीय लोगों ने चौराहे पर तत्काल स्पीड ब्रेकर सहित दुर्घटना रोकने के अन्य सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की।सूचना मिलने पर एसडीएम प्रियंका मिमरोट, तहसीलदार सुरेश नागर, एसडीओपी अरविंद सिंह तोमर और टीआई अमित सिंह कुशवाहा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों से चर्चा कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया।

एसडीएम के आश्वासन के बाद खुला जाम-लंबी चर्चा के बाद एसडीएम प्रियंका मिमरोट ने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया कि दो दिन के भीतर पिटगारा चौराहे पर स्पीड ब्रेकर लगाने सहित दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जो भी उचित सुरक्षा उपाय आवश्यक होंगे, उन्हें कराया जाएगा। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों ने जाम समाप्त किया और यातायात बहाल हो सका।

पहले से उठ रही थी स्पीड ब्रेकर की मांग

पिटगारा चौराहे पर दुर्घटनाओं को देखते हुए स्थानीय नागरिक लंबे समय से स्पीड ब्रेकर की मांग कर रहे हैं। इस समस्या को कई बार प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से शासन-प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और एमपीआरडीसी के अधिकारियों के संज्ञान में भी लाया गया था।

इस संबंध में सीएम हेल्पलाइन पर भी शिकायत की गई थी। शिकायत के जवाब में बताया गया था कि स्टेट हाईवे और नेशनल हाईवे पर सामान्य रूप से स्पीड ब्रेकर की अनुमति नहीं होती। हालांकि, किसी चौराहे को दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील मानते हुए सडक़ सुरक्षा समिति के अनुमोदन के बाद एमपीआरडीसी के माध्यम से आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा सकते हैं।

अब हादसे के बाद मिले दो दिन के आश्वासन पर स्थानीय लोगों की नजर है। सवाल यही है कि तय समय में स्पीड ब्रेकर और अन्य सुरक्षा इंतजाम होते हैं या फिर पिटगारा चौराहा किसी अगले हादसे का इंतजार करता रहेगा।

Next Post

भविष्य में एआई कंपनियों से जुड़े जोखिम पूरे वित्तीय बाजार को प्रभावित कर सकते हैं: आरबीआई गवर्नर

Sat Oct 3 , 2026
नयी दिल्ली, 03 अक्टूबर (वार्ता) रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने शनिवार को कहा कि एआई कंपनियों में जिस प्रकार तेजी से निवेश बढ़ रहा है, भविष्य में इन कंपनियों के जुड़े जोखिम पूरे वित्तीय बाजार को प्रभावित कर सकते हैं। श्री मल्होत्रा ने यहां पांचवें कौटिल्य आर्थिक सम्मेलन […]

You May Like