पठारी: गौड़ राजाओं द्वारा निर्मित ऐतिहासिक प्राचीन तालाब इन दिनों गंदगी से पट गया है. नगर और आसपास के क्षेत्रों की गंदगी तालाब में लगातार जमा हो रही है, जिसके कारण पानी हरा और बदबूदार हो गया है. ग्रामीणों का कहना है कि लोग तालाब में गंदा पानी और कचरा फेंक रहे हैं, जिससे स्थिति और बिगड़ रही है.
ग्राम पंचायत ने बरसात से पहले सफाई अभियान चलाया था, लेकिन उसका असर ज्यादा देर तक नहीं टिक पाया. वर्तमान में तालाब के कुआं घाट, देवल घाट और गणेश घाट सहित कई हिस्सों में गंदगी फैली हुई है, जिससे ओवरफ्लो की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि धूप तेज होने पर तालाब की काई सड़ने लगती है और बदबू और बढ़ जाती है. इससे आसपास रहने वाले लोग तथा सुबह-शाम टहलने आने वाले नागरिक काफी परेशान हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल तालाब की सफाई कराने की मांग की है.
