नोएडा में डेटिंग ऐप के नाम पर ब्लैकमेल गैंग का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार

नोएडा, (वार्ता) उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-126 थाना पुलिस ने ऑनलाइन डेटिंग ऐप के माध्यम से लोगों को फंसाकर ब्लैकमेल और धन उगाही करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक डायमंड सॉलिटेयर, एक सोने की चेन और चौदह हजार रुपये से अधिक नकद बरामद किए हैं।

गुरुवार को जानकारी देते पुलिस ने बताया कि, सेक्टर 126 थाना पुलिस द्वारा ळलोकल इंटेलिजेंस की सहायता से की गई कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुशांक सिंह, प्रदीप, रोहित कुमार और वासु के रूप में हुई है। सभी आरोपी अलग-अलग राज्यों के रहने वाले हैं और नोएडा क्षेत्र में किराए के मकानों में रहकर अपराध को अंजाम दे रहे थे।

जांच एवं पूछताछ में सामने आया कि आरोपी फर्जी आधार कार्ड के जरिए किराए पर कमरा लेते थे और अपनी असली पहचान छिपाते थे। इसके बाद ये लोग विभिन्न ऑनलाइन डेटिंग ऐप पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से संपर्क करते थे।

जब कोई व्यक्ति मिलने के लिए तैयार होता, तो उसे अपने किराए के ठिकाने पर बुलाया जाता। वहां आरोपी पीड़ित को आपत्तिजनक स्थिति में फंसाकर उसके फोटो और वीडियो बना लेते थे। इसके बाद उन तस्वीरों को वायरल करने और परिवारजनों को भेजने की धमकी देकर पीड़ित से मोटी रकम वसूली जाती थी।

कई मामलों में आरोपी पीड़ितों से नगद पैसे के अलावा उनके सोने-चांदी के आभूषण भी छीन लेते थे। इस तरह यह गिरोह संगठित रूप से ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली और लूट जैसी वारदातों को अंजाम दे रहा था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी चोरी के मोबाइल फोन और सिम कार्ड का इस्तेमाल करते थे, जिससे उनकी पहचान ट्रेस करना मुश्किल हो जाता था।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सेक्टर-126 थाना में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। साथ ही, एक आरोपी के खिलाफ पहले से दिल्ली के हर्ष विहार थाने में भी मुकदमा दर्ज है।

नोएडा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऑनलाइन डेटिंग ऐप का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहें और किसी अनजान व्यक्ति से मिलने से पहले उसकी पूरी जानकारी अवश्य जांच लें। संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस तरह के अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

 

 

Next Post

महाराष्ट्र में 20 से अधिक आईएएस अधिकारियों का तबादला

Fri Apr 3 , 2026
मुंबई, (वार्ता) महाराष्ट्र सरकार ने व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए गुरुवार शाम को 25 भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारियों का तबादला कर दिया। सरकार के इस बड़े कदम से कई प्रमुख जिलों और नगर निगमों के नेतृत्व पर असर पड़ेगा, जो राज्य की नौकरशाही के रणनीतिक पुनर्गठन का संकेत देता है। […]

You May Like