
पांढुरना। ग्राम मरकावाड़ा की महिलाओं द्वारा कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के समक्ष जनसुनवाई में अवैध शराब के निर्माण एवं विक्रय को लेकर प्रस्तुत किए गए शिकायती पत्र के परिप्रेक्ष्य में आबकारी विभाग द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की गई।
सहायक आबकारी आयुक्त भीम राव वैध के आदेशानुसार आज दिनांक 07/02/2026 को ग्राम मरकावाड़ा, लहरादाना एवं कारापाठा क्षेत्र के नदी-नालों में संचालित कच्ची शराब के अड्डों पर आबकारी विभाग की टीम द्वारा दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से तैयार की जा रही कच्ची शराब के अड्डों से लगभग 2500 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद कर मौके पर ही नष्ट किया गया। इसके साथ ही 20 लीटर हाथ भट्ठी महुआ निर्मित कच्ची शराब भी जब्त की गई।
उक्त कार्रवाई के तहत संबंधित आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) क एवं च के अंतर्गत प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया गया है।
इस संपूर्ण कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक एवं वृत्त प्रभारी नरेंद्र कुमार नागेश के नेतृत्व में टीम सक्रिय रही, जिसमें आबकारी आरक्षक श्रीमती श्रद्धा राहंगडाले की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
अवैध शराब के विरुद्ध की गई यह कार्रवाई ग्रामीण महिलाओं की जागरूकता एवं प्रशासन की संवेदनशीलता का प्रत्यक्ष उदाहरण है। आबकारी विभाग द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में भी अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
