
सीधी। जिले में वन्यजीव तस्करी के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। दिल्ली वाइल्ड लाइफ की सूचना पर राजस्व आसूचना निदेशालय ( डीआरआई ) भोपाल की 15 सदस्यीय टीम ने तेंदुए की खाल बरामद करते हुए तीन आरोपियों अभिषेक सिंह, अनमोल सिंह एवं लल्लन बैगा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे थार वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। कार्रवाई के बाद आरोपियों का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के बाद रविवार को जिला न्यायालय में पेश किया गया। जहां से दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। तेंदुए की खाल की बरामदगी और पांच राज्यों तक नेटवर्क के फैलाव की जानकारी सामने आने के बाद सीधी में वन्यजीव तस्करी के मामले ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच में यह देखना अहम होगा कि इस नेटवर्क की जड़ें कहां तक फैली हैं और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं। कार्रवाई टीम के अनुसार शनिवार को सम्राट चौक के आगे एक थार वाहन में तेंदुए की खाल लेकर कुछ लोग खड़े थे। इसी दौरान टीम ने कार्रवाई करते हुए अनमोल सिंह एवं अभिषेक सिंह को पकड़ा। पूछताछ और जांच के दौरान लल्लन बैगा की गिरफ्तारी भी की गई। आरोपियों के कब्जे से तेंदुआ की खाल बरामद होने की बात टीम द्वारा बताई गई है। टीम के अनुसार पूछताछ में वन्यजीव तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। टीम का दावा है कि यह नेटवर्क मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और दिल्ली तक फैला हुआ है। आरोपियों द्वारा पूछताछ के दौरान सुंदरम बलिया (बिहार), अंजली नागपाल (नागपुर, महाराष्ट्र) एवं दिल्ली निवासी राम बिहारी के नाम सामने आए है। टीम आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
मऊगंज जिला में किया गया शिकार- डीएफओ
वन मण्डल अधिकारी, सामान्य वन मण्डल सीधी ने बताया कि 5 सितंबर 2026 को राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई), भोपाल इकाई द्वारा सीधी शहर में कार्रवाई करते हुए थार वाहन से दो व्यक्तियों को एक नग तेन्दुए की खाल के साथ पकड़ा गया। वन्यजीव से संबंधित मामला होने के कारण दोनों आरोपियों को अग्रिम कार्रवाई के लिए वन विभाग, सामान्य वन मण्डल सीधी के परिक्षेत्र सीधी को सुपुर्द किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ग्राम धनुहीनार, पोस्ट बीरादेही, तहसील हनुमना, जिला मऊगंज स्थित क्षेत्र में तेन्दुए का शिकार किया था। आरोपियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर वन विभाग की टीम द्वारा परिक्षेत्र हनुमना की टीम के साथ संबंधित स्थानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी को पकड़ा गया तथा उसके कब्जे से तेन्दुए के शिकार में प्रयुक्त सामग्री खूंटी, तार, चाकू आदि बरामद किए गए। यह कार्रवाई ग्राम धनुहीनार, पोस्ट बीरादेई, तहसील हनुमना, जिला मऊगंज में की गई।
वन विभाग द्वारा वन अपराध प्रकरण कायम कर आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। आरोपियों को 6 सितंबर 2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई एवं विवेचना जारी है।
इनका कहना है-
केंद्रीय जांच एजेंसी डीआरआई भोपाल की टीम द्वारा गोपनीय तरीके से सीधी शहर में तेंदुए की खाल सफेद रंग के थार से बरामद करते हुए दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी की गई। डीआरआई द्वारा दूसरे छोटे तेंदुआ की खाल भी होना बताया जा रहा है, जिसको बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
संदीप गौतम, एसडीओ वन मंडल सीधी
