ग्वालियर: हिंदू महासभा ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर को पत्र लिखकर ग्वालियर की बदहाल व्यवस्थाओं पर चिंता जताई है। संगठन ने शहर में सड़क, बिजली, पानी और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति को गंभीर बताते हुए तत्काल सुधार की मांग की है।हिंदू महासभा के संभागीय अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि मध्य प्रदेश में सबसे अधिक खराब हालात ग्वालियर के हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में खुलेआम गोलीबारी, लूट, डकैती, अपहरण, सट्टाखोरी और नशे से जुड़े अपराधों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल है।पत्र में कहा गया है कि राजनीतिक गुटबाजी के कारण ग्वालियर का विकास प्रभावित हुआ है। कई क्षेत्रों में पेयजल संकट बना हुआ है, जबकि बिजली कटौती से लोग परेशान हैं।
इसके बावजूद पानी के बिलों की वसूली का अभियान चलाया जा रहा है, जिससे जनता में नाराजगी बढ़ रही है।हिंदू महासभा नेताओं का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय नेता आपसी गुटबाजी से ऊपर उठकर जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल साबित हुए हैं। संगठन ने मांग की है कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं।
इस अवसर पर संगठन के जिला अध्यक्ष लोकेश शर्मा, महिला जिला अध्यक्ष राधा गुप्ता, जिला अध्यक्ष आनंद माहौर सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी ग्वालियर की समस्याओं को लेकर चिंता व्यक्त की।हिंदू महासभा ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी 15 दिनों के भीतर शहर की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।
