बिरला ने शिवसेना (यूबीटी) के छह सांसदों के विलय को दी मंजूरी, शिंदे गुट की संख्या बढ़कर 13 हुई

नयी दिल्ली, 18 जुलाई (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शिवसेना (यूबीटी) के छह सांसदों के श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में विलय को मंजूरी दे दी है।

लोकसभा सचिवालय से शनिवार को जारी परिपत्र में 18वीं लोकसभा में राजनीतिक दलों की संशोधित स्थिति जारी की है। यह संशोधन शिवसेना (उद्धव गुट) के छह सांसदों की पार्टी संबद्धता में बदलाव के बाद किया गया है। इस फैसले के बाद लोकसभा में शिंदे गुट के सांसदों की संख्या बढ़कर 13 हो गयी है।

इससे पहले पिछले महीने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर अनुरोध किया था कि बागी सांसदों द्वारा संसद में अलग पहचान की किसी भी मांग पर विचार न किया जाये। पार्टी ने अपने पत्र में दलबदल विरोधी कानून और संवैधानिक प्रावधानों का हवाला देते हुए कहा था कि अलग गुट को मान्यता देने का कोई आधार नहीं है।

इसके अलावा ममता बनर्जी का साथ छोड़ने वाले तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों को लोकसभा में अलग बैठने की मंजूरी मिल गयी है। गत 15 जून को तृणमूल कांग्रेस के 20 सांसदों ने नेशनलिस्ट सिटीजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) से विलय कर लिया था।

 

 

Next Post

अभाविप ने सांदीपनि विद्यालय गेट पर जड़ा ताला

Sat Jul 18 , 2026
शाजापुर, बसों की मांग को लेकर सरदार वल्लभभाई पटेल सांदीपनि विद्यालय के मुख्य गेट पर शनिवार को एबीवीपी कार्यकर्ता और छात्रों ने प्रदर्शन करते हुए विद्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया. सूचना पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाईश के बाद मामला शांत कराया. […]

You May Like