जबलपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा के संकल्प को लेकर भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को भाजयुमो जबलपुर ग्रामीण ने बाइक रैली निकाली। यात्रा जिला प्रभारी एवं भाजयुमो जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी के नेतृत्व में निकली रैली का कोनी तिराहा पर ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। इसके बाद सामुदायिक भवन में भगत सिंह और रानी दुर्गावती की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, पाटन चौक पर पौधरोपण तथा केमोरी सकरा के सीएम राइज स्कूल में विद्यार्थियों से संवाद किया गया।
कटंगी में सफाई मित्रों के साथ सहभोज और सम्मान कार्यक्रम हुआ। दीनदयाल स्टेडियम में वृक्षारोपण कर सफाई मित्रों के प्रति आभार जताया गया। शाम को मझौली की बावली जल मंदिर में स्वच्छता अभियान चलाकर जल संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में सांसद आशीष दुबे, जिला अध्यक्ष राजकुमार पटेल, विधायक अजय बिश्नोई, अभियान के जिला महामंत्री रूपेश पटेल सहित भाजपा और भाजयुमो के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। मझौली में अल्पाहार के बाद बाइक यात्रा कटनी जिले के लिए रवाना हुई।
