सरकारी डायरी: रिटायर्ड और ट्रांसफर हो चुके अफसरों के भरोसे चल रहा प्रशासन: विवेक त्रिपाठी

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने “मध्य प्रदेश शासन डायरी 2026” में पाई गई गंभीर तथ्यात्मक एवं प्रशासनिक त्रुटियों को लेकर कहा कि यह लापरवाहियाँ शासन की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती हैं।

त्रिपाठी ने कहा कि कम से कम आठ महत्वपूर्ण विभागों में विभाग प्रमुख अथवा प्रमुख सचिवों के नाम दर्ज नहीं किए गए हैं। इसके अलावा कई स्थानों पर ऐसे अधिकारियों के नाम अंकित हैं, जो वर्षों पहले स्थानांतरित हो चुके हैं, सेवानिवृत्त हो गए हैं या वर्तमान में किसी अन्य विभाग में पदस्थ हैं। अनेक प्रविष्टियों में पद, अधिकारी का नाम और संबंधित विभाग के बीच कोई तालमेल नहीं है, जिससे स्पष्ट होता है कि डायरी का संकलन बिना समुचित सत्यापन के किया गया है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अधिकांश अधिकारियों के मोबाइल नंबर, जिनके लिए शासन द्वारा भत्ता दिया जाता है, दर्ज नहीं किए गए हैं और उनकी जगह कई गैर-क्रियाशील लैंडलाइन नंबर लिख दिए गए हैं। त्रिपाठी ने कहा कि कर्ज में डूबे राज्य में इस तरह से शासकीय धन की बर्बादी समझ से परे है।

उन्होंने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच, दोषियों की जवाबदेही तय करने, तत्काल सुधार जारी करने तथा भविष्य में ऐसी लापरवाही रोकने के लिए कड़ी निगरानी की मांग की, साथ ही चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस आंदोलन करेगी।

Next Post

​सीआईएम विभाग की रचनात्मकता को सम्मान, बीएचईएल भोपाल में जीती ट्रॉफी

Wed Jan 28 , 2026
भोपाल। बीएचईएल, भोपाल में आयोजित गणतंत्र दिवस 2026 समारोह के दौरान प्रदीप कुमार उपाध्याय, कार्यपालक निदेशक, बीएचईएल, भोपाल द्वारा सेवाएँ समूह श्रेणी के अंतर्गत विश्वकर्मा पूजा 2025 टेबलो प्रतियोगिता में सीआईएम विभाग को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। यह पुरस्कार विभाग की रचनात्मकता, टीमवर्क और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता के […]

You May Like

मनोरंजन