कैंट हॉस्पिटल में बढ़ाई ओपीडी की फीस, विरोध प्रदर्शन शुरू

जबलपुर: सदर स्थित मोतीलाल नेहरू चिकित्सालय में ओपीडी और अन्य चिकित्सा सेवाओं की फीस में की गई बेतहाशा बढ़ोतरी ने गरीब और जरूरतमंद मरीजों की कमर तोड़कर रख दी है। जिस अस्पताल का उद्देश्य आम जनता—खासकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग—को सुलभ और सस्ता इलाज मुहैया कराना होना चाहिए, वही अब मुनाफाखोरी का अड्डा बनता नजर आ रहा है। फीस बढ़ने की खबर लगते ही स्थानीय जनों में आक्रोश व्याप्त हुआ और लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया।

जानकारी के अनुसार मानव अधिकार एवं अपराध नियंत्रण संगठन ने इस अन्यायपूर्ण फैसले के खिलाफ स्थानीय जनों के साथ मिलकर विरोध दर्ज कराया है। संगठन के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार वाधवानी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ओपीडी शुल्क को सीधे 50 रुपये तक बढ़ा देना गरीब मरीजों के साथ खुला अन्याय है। इतना ही नहीं, सोनोग्राफी, एक्स-रे और अन्य जांचों की दरों में भी भारी इजाफा कर दिया गया है, जिससे इलाज अब आम आदमी की पहुंच से बाहर होता जा रहा है।
फीस कम करने दिया अल्टीमेटम
संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर बढ़ाई गई फीस वापस नहीं ली गई, तो वे इस मुद्दे को और उग्र रूप से उठाएंगे। बताया जा रहा है कि रक्षा मंत्री और कैंट बोर्ड के डायरेक्टर जनरल को ज्ञापन सौंपकर इस जनविरोधी निर्णय के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी। विरोध प्रदर्शन में एडवोकेट आशीष त्रिपाठी, एड. भावना निगम, डॉ. अशोक मेठवानी, डॉ. अभिषेक जैन, डॉ. अंकित मिश्रा, एड. रोशन मंध्यानी और एड. अमित खत्री सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान सभी ने एक स्वर में कहा—“स्वास्थ्य सेवाएं कोई व्यापार नहीं, बल्कि जनता का मौलिक अधिकार हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन जनता के इस आक्रोश को समझता है या फिर गरीबों की पीड़ा को नजरअंदाज कर अपनी मनमानी जारी रखता है।

Next Post

पीपीटी के माध्यम से परखी गईं सिटी प्रोफाइल की तैयारियां

Sun Apr 12 , 2026
जबलपुर: निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियों एवं शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से निगम मुख्यालय में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आहूत की गई। विभिन्न वार्डों के आकस्मिक निरीक्षण के उपरांत, निगमायुक्त ने अधिकारियों को मैदानी स्तर पर कार्यक्षमता बढ़ाने और तकनीकी मानकों […]

You May Like