केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) में अनियमितताओं के आरोपों के बाद केंद्र सरकार द्वारा बोर्ड के अध्यक्ष और सचिव को हटाया जाना एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम है. हालांकि, केवल अधिकारियों को बदल देने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा. आवश्यकता इस बात की है कि देश की पूरी परीक्षा व्यवस्था को इस प्रकार मजबूत बनाया जाए कि उसकी निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर कोई प्रश्नचिह्न न लग सके. क्योंकि परीक्षा प्रणाली केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं के भविष्य का आधार है.
पिछले कुछ वर्षों में प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं ने देश की शिक्षा और भर्ती परीक्षाओं की साख को गंभीर रूप से प्रभावित किया है. बोर्ड परीक्षाओं से लेकर नीट, जेईई और विभिन्न सरकारी भर्ती परीक्षाओं तक, बार-बार सामने आए पेपर लीक मामलों ने विद्यार्थियों और अभिभावकों का भरोसा कमजोर किया है. लाखों छात्र वर्षों तक कठिन परिश्रम करते हैं, लेकिन कुछ लोगों के लालच और व्यवस्था की कमजोरियों के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है. इससे प्रतिभाशाली और ईमानदार विद्यार्थियों में निराशा बढ़ती है तथा व्यवस्था के प्रति असंतोष पैदा होता है.
यह सच है कि सरकारों ने तकनीकी सुरक्षा बढ़ाने, निगरानी तंत्र मजबूत करने और कठोर कानून बनाने जैसे कई कदम उठाए हैं. इसके बावजूद यदि प्रश्नपत्र लीक की घटनाएं नहीं रुक रही हैं, तो इसका अर्थ है कि समस्या केवल तकनीकी नहीं, बल्कि संस्थागत और नैतिक भी है. सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि ऐसे गिरोह वर्षों तक सक्रिय कैसे बने रहते हैं और उन्हें व्यवस्था के भीतर से सहयोग कौन उपलब्ध कराता है. जब गोपनीयता की जिम्मेदारी संभालने वाले कुछ लोग ही अपने दायित्वों से समझौता कर लेते हैं, तब कोई भी सुरक्षा तंत्र पूरी तरह प्रभावी नहीं रह जाता.
इस समस्या का सामाजिक पक्ष भी उतना ही गंभीर है. प्रश्नपत्र तभी बिकते हैं जब उन्हें खरीदने वाले मौजूद हों. कुछ अभिभावक और विद्यार्थी अनुचित लाभ पाने के लिए बड़ी रकम खर्च करने को तैयार हो जाते हैं. इसी प्रकार साल्वर गैंग और फर्जीवाड़े का कारोबार भी तभी फलता-फूलता है जब शिक्षित लोग अपनी योग्यता का दुरुपयोग आर्थिक लाभ के लिए करने लगते हैं. इसलिए पेपर लीक केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक नैतिकता से जुड़ा संकट भी है.
वास्तविक चिंता यह है कि हमारी शिक्षा व्यवस्था ज्ञान और कौशल तो दे रही है, लेकिन चरित्र निर्माण पर अपेक्षित ध्यान नहीं दे पा रही. यदि शिक्षा का उद्देश्य केवल अंक, डिग्री और नौकरी तक सीमित रह जाएगा, तो ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे मूल्य कमजोर होते जाएंगे. शिक्षा का लक्ष्य सक्षम पेशेवरों के साथ-साथ नैतिक नागरिक तैयार करना भी होना चाहिए.
भारत विज्ञान, तकनीक, अंतरिक्ष अनुसंधान और डिजिटल नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रहा है. भारतीय युवा विश्व स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दे रहे हैं. लेकिन परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर आंच आती रही, तो इन उपलब्धियों का महत्व भी प्रभावित होगा. किसी भी राष्ट्र की प्रगति उसकी संस्थाओं पर जनता के विश्वास से तय होती है. इसलिए समय की मांग है कि परीक्षा सुरक्षा को अत्याधुनिक बनाया जाए, दोषियों के विरुद्ध त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित हो तथा शिक्षा संस्थानों, परिवारों और समाज में नैतिक मूल्यों के पुनर्स्थापन का व्यापक अभियान चलाया जाए. परीक्षाओं की साख केवल कानूनों से नहीं, बल्कि ईमानदार व्यवस्था, जवाबदेही और मजबूत संस्कारों से लौटेगी. युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए दोषरहित परीक्षा प्रणाली आज देश की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल होनी चाहिए.
