अल-फलाह विश्वविद्यालय चेयरमैन जावेद सिद्दीका चार दिन की पुलिस हिरासत में

नयी दिल्ली, 05 फरवरी (वार्ता) एक निचली अदालत ने विवादों में घिरे अल-फलाह विश्वविद्यालय के चेयरमैन जवाद अहमद सिद्दीकी को कथित धोखाधड़ी और वित्तीय कदाचार के मामले में चार दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

सिद्दीकी को दिल्ली की एक अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे आगे की पूछताछ के लिए चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। यह कार्रवाई विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) द्वारा दर्ज कराई गई औपचारिक शिकायतों के बाद शुरू की गई है। इससे पहले दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) ने उसे गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अपराध शाखा ने यूजीसी की शिकायतों के आधार पर सिद्दीकी के खिलाफ दो अलग-अलग प्राथमिकियां दर्ज की थीं। इनमें सिद्दीकी पर दस्तावेजों के फर्जीवाड़े और वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। जांचकर्ताओं का कहना है कि सिद्दीकी की गिरफ्तारी एक बड़ी जांच का हिस्सा है और पूछताछ के बाद इस मामले में कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

उल्लेखनीय है कि प्रवर्तन निदेशालय भी संस्थान की गतिविधियों की जांच कर चुका है, जिससे विश्वविद्यालय प्रशासन पर दबाव पहले से ही काफी बढ़ गया था। फिलहाल पुलिस उन वित्तीय लेन-देन और दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है जिनके आधार पर धोखाधड़ी को अंजाम देने का आरोप है।

 

 

 

Next Post

दिल्ली हाई कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला: धर्मशाला में जन्मी तिब्बती महिला भारतीय नागरिक घोषित

Thu Feb 5 , 2026
नयी दिल्ली, 05 फरवरी (वार्ता) दिल्ली उच्च न्यायालय ने जन्म के आधार पर नागरिकता की संवैधानिक गारंटी को बरकरार रखते हुए एक महत्वपूर्ण फैसले में 1966 में धर्मशाला में जन्मी तिब्बती मूल की महिला को भारतीय नागरिक घोषित किया है। न्यायालय ने अधिकारियों को उसे तुरंत भारतीय पासपोर्ट जारी करने […]

You May Like