गुना:शहर में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने लगातार दूसरे दिन पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दी है। भगत सिंह कॉलोनी में आधा दर्जन घरों को निशाना बनाने के अगले ही दिन चोरों ने शहर के दूसरे छोर पर स्थित कैंट क्षेत्र की नीलकंठ कॉलोनी खैजरा रोड में बड़ी वारदात को अंजाम दिया। यहां बदमाशों ने दो घरों में धावा बोला, जिसमें से एक घर से करीब 3 लाख रुपये का माल समेट ले गए।
जानकारी सामने आई है कि बदमाशों ने अर्चना दिनकर के मकान को मुख्य रूप से निशाना बनाया। चोर यहां से 35 हजार रुपए नकद, सोने-चांदी के आभूषणों के साथ-साथ घर गृहस्थी का भारी सामान भी ले उड़े, जिसमें 42 इंची एलईडी टीवी, फ्रिज, लैपटॉप, दो पंखे और यहां तक कि 15 हजार रुपए की कीमत का कूलर भी शामिल है। चोरी गए कुल मशरूका की कीमत लगभग 3 लाख रुपए आंकी जा रही है। बताया जा रहा है कि पास ही स्थित एक अन्य मकान में भी बदमाशों ने सेंधमारी की है, हालांकि वहां से हुई चोरी की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आ सकी है।
घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सीसीटीवी कैमरों में करीब 8 से 10 बदमाशों की टोली कैद हुई है, जो बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही कैंट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की शिनाख्त करने में जुटी है और क्षेत्र के संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। लगातार हो रही इन वारदातों से शहरवासियों में असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।
