भारतीय महिला टीम फुटबॉल खिलाड़ी ग्रेस डंगमेई ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से लिया संन्यास

नयी दिल्ली, 07 जून (वार्ता) भारतीय महिला फुटबॉल टीम की कप्तान ग्रेस डंगमेई ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास ले लिया है।

सैफ महिला चैंपियनशिप 2026 के फाइनल में शनिवार को बंगलादेश पर भारत की जीत के बाद, भारतीय महिला फ़ुटबॉल टीम की दिग्गज खिलाड़ी ग्रेस डंगमेई ने अंतरराष्ट्रीय फटबॉल से संन्यास की घोषणा की। 30 साल की इस भारतीय फ़ुटबॉल खिलाड़ी ने अपना तीसरा सैफ महिला चैंपियनशिप खिताब जीतकर और इनाम वितरण समारोह के दौरान कप्तान के तौर पर ट्रॉफी उठाकर शानदार अंदाज में विदाई ली।

हालांकि ग्रेस ने मैच की शुरुआत नहीं की थी, लेकिन वह सब्स्टिट्यूट के तौर पर मैदान पर उतरीं और बाद में उन्हें कप्तानी सौंपी गई, जिससे उन्हें भारतीय जर्सी में एक यादगार विदाई मिली।

मैच के बाद ग्रेस ने कहा, “खेल के आखिर में माहौल बहुत भावुक था, और जिस चीज से मुझे सबसे अधिक प्यार है, उसे अलविदा कहना वाकई बहुत मुश्किल है।”

ग्रेस डैंगमेई ने 2013 में अपना सीनियर अंतरराष्ट्रीय पर्दापण करने के बाद भारत के लिए 95 मैच खेले और फिर फुटबॉल से संन्यास ले लिया।

लगभग 15 सालों के दौरान, उन्होंने भारतीय महिला फुटबॉल टीम के लिए खुद को सबसे असरदार खिलाड़ियों में से एक के तौर पर स्थापित किया और टीम के लिए 24 गोल किए।

5 फरवरी 1996 को साइमन डैंगमेई और रीता डैंगमेई के घर जन्मीं ग्रेस डैंगमेई मणिपुर के डिमडाइलॉन्ग गांव की रहने वाली हैं।

वह उन भारतीय टीमों की अहम सदस्य थीं जिन्होंने पिछले दशक में साउथ एशियन महिला फुटबॉल पर दबदबा बनाए रखा और भारत को 2016, 2019 और 2026 में सैफ महिला चैंपियनशिप का खिताब जिताने में मदद की। इस फॉरवर्ड खिलाड़ी ने 2016 और 2019 में साउथ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने में भी अहम भूमिका निभाई। क्लब लेवल पर, ग्रेस ने भारतीय महिला फुटबॉल की कुछ सबसे बड़ी टीमों के साथ सफल समय बिताया है, जिनमें क्रिफ्सा, सेतु एफसी, गोकुलम केरल और श्रीभूमि शामिल हैं।

उन्होंने गोकुलम के साथ दो इंडियन विमेंस लीग (आईडब्ल्यूएल) खिताब जीते हैं और केरल की टीम के साथ कई एएफसी प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लिया है। ग्रेस उन चुनिंदा भारतीय खिलाड़ियों में से एक हैं जिन्होंने विदेश में क्लब फुटबॉल खेला है। उन्होंने 2022 में एफसी नसाफ कार्शी को उज़्बेक घरेलू क्लब और कप खिताब जिताने में मदद की, जिसमें उन्होंने 14 मैचों में चार गोल किए।

भारतीय फुटबॉल में उनके योगदान को कई व्यक्तिगत सम्मानों से पहचाना गया, जिनमें 2018-19 में एआईएफएफ इमर्जिंग प्लेयर ऑफ़ द ईयर अवॉर्ड और 2017-18 में इंडियन विमेंस लीग इमर्जिंग प्लेयर अवॉर्ड शामिल हैं।

 

 

Next Post

राहुल पहले संस्कृति का 'स' सीखें: शेखावत

Sun Jun 7 , 2026
जोधपुर, 07 जून (वार्ता) केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अंडमान निकोबार दौरे और पर्यावरण को लेकर दिए उनके बयान पर तीखा पलटवार करते हुए कहा है कि उन्हें पहले संस्कृति का ‘स’ सीखना चाहिए और उसके बाद ही ऐसी राष्ट्रीय और […]

You May Like