
रीवा। विंध्य का इकलौत सुपर अस्पताल भी धीरे-धीरे बीमार होने लगा है. दूरदराज से लोग यहा इलाज के लिये आते है लेकिन अब अस्पताल में एक्स-रे फिल्म तक नही है. पहले ही सप्लायर ने अल्टीमेटम दे दिया था लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने कोई वैकल्पिक व्यवस्था नही की. लिहाजा अब मरीजो को अव्यवस्था का शिकार होना पड़ रहा है.
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल से प्रस्ताव डीन के यहा भेजा गया था लेकिन अभी तक आर्डर नही हुआ. एक्सरे फिल्म बहुत जरूरी है लेकिन इसे उपलब्ध कराने में डीन कार्यालय भी उदासीनता बरत रहा है. बेहतर सुविधा और व्यवस्था देने के बाद भी कुप्रबंधन के चलते मरीजो की फजीहत हो रही है. इसमें सबसे बड़ी लापरवाही डीन की सामने आ रही है. जिनके द्वारा प्रस्ताव मिलने के बाद भी रूचि नही दिखाई गई. सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के एक्सरे विभाग में फिल्म नहीं है. मरीजों को मोबाइल फोन पर फोटो खींच कर रिपोर्ट दी जा रही है. फिलहाल फिल्म की व्यवस्था जल्द होना भी मुश्किल है. इसके पीछे वजह यह है कि सप्लायर ने फिल्म देने से हाथ खड़ा का दिया है. इसकी जानकारी प्रबंधन और डीन को पहले से थी लेकिन कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई. अब यही लापरवाही भारी पड़ रही है. सप्लायर ने फिल्म महंगी होने का हवाला दिया है. अब नए सिरे से कोटेशन मंगाना होगा और आर्डर देना पड़ेगा, इसमें लंबा समय लग जाएगा.
जिनके पास स्मार्ट फोन है और वह चलान जानते हैं. उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था तो राहत दे रही है लेकिन जिनके पास स्मार्ट फोन नहीं है. उन्हें जांच के लिए परेशान होना पड़ रहा है. डॉक्टरों को भी मोबाइल में रिपोर्ट देखने में परेशानी उठानी पड़ रही है. संजय गांधी अस्पताल में भी इसके पहले इस तरह की दिक्कत आई थी. जिस तरह से व्यवस्था चल रही है उससे नही लगता कि रीवा मेडिकल हब बनकर तैयार होगा.
एक्सरे फिल्म की जानकारी भेजी गई थी
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के अधीक्षक डा. अक्षय श्रीवास्तव ने बताया कि वैकल्पिक व्यवस्था बनाई गई है मरीजों को मोबाइल पर फोटो खींचकर रिपोर्ट दी जा रही है. एक्सरे फिल्म खत्म होने की जानकारी और डिमांड डीन आफिस भेज दी गई है, वहीं से आर्डर होना है.
