काठमांडू, 01 अगस्त (वार्ता) नेपाल के मधेश और कोशी प्रांत के कई जिलों में हाल के सांप्रदायिक तनाव के बाद स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। विभिन्न राजनीतिक दलों, स्थानीय प्रशासन, नागरिक समाज, धार्मिक नेताओं और समुदाय के प्रतिनिधियों की बैठकों तथा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किये जाने के बाद कई क्षेत्रों में हालात सामान्य होने लगे हैं। सुनसरी, सिराहा, सप्तरी और धनुषा के कुछ हिस्सों में अब भी कर्फ्यू लागू है, जबकि पर्सा जिले में सार्वजनिक सभाओं और प्रदर्शनों पर प्रतिबंध जारी है। स्थिति पर नजर रखने के लिए नेपाली सेना के साथ नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात की गयी हैं। नेपाल पुलिस मुख्यालय ने भी कोशी और मधेश प्रांत में सुरक्षा अभियानों की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा है। नेपाल पुलिस के केंद्रीय प्रवक्ता और उप महानिरीक्षक (डीआईजी) अबी नारायण काफ्ले ने कहा कि राजनीतिक दलों की शांति अपीलों और स्थानीय प्रशासन की पहल के बाद तराई क्षेत्र में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने, भड़काऊ सामग्री फैलाने और सांप्रदायिक तनाव भड़काने के आरोप में कोशी और मधेश प्रांत के विभिन्न क्षेत्रों से अब तक 38 लोगों को हिरासत में लिया गया है। संवेदनशील इलाकों में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की चौबीसों घंटे तैनाती की गई है तथा भीड़ और सुरक्षा जोखिमों पर नजर रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है।
डीआईजी काफ्ले ने कहा कि गृह मंत्री सुदन गुरूंग के सुनसरी और सिराहा दौरे तथा पीड़ित परिवारों और समुदाय के प्रतिनिधियों से बातचीत के बाद स्थिति में सुधार आया है। इस बीच, सिराहा के गोलबजार में हिंसा के दौरान मारे गए 15 वर्षीय गणेश यादव के परिवार और सरकार के बीच शुक्रवार देर रात सात सूत्रीय समझौता हुआ। इसके तहत सरकार ने गणेश को राष्ट्रीय शहीद घोषित करने की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने, परिवार को 10 लाख नेपाली रुपये की आर्थिक सहायता देने तथा घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने भी शुक्रवार को प्रधानमंत्री कार्यालय में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी तथा तराई-मधेश क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने प्रभावित परिवारों को राहत, लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और घटनाओं की निष्पक्ष जांच को सरकार की प्राथमिकता बताया। nउधर, सुनसरी जिला प्रशासन ने जिले की 10 स्थानीय इकाइयों में 28 जुलाई की रात से लागू कर्फ्यू शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे हटा लिया है। हालांकि शाम पांच बजे तक निषेधाज्ञा लागू रहेगी। nधनुषा के जनकपुर क्षेत्र और सिराहा के लहान में भी शनिवार को कर्फ्यू हटा दिया गया, लेकिन सार्वजनिक जमावड़े पर प्रतिबंध जारी है। सिराहा के गोलबाजार में अभी भी कर्फ्यू प्रभावी है। धनुषा के मुख्य जिला अधिकारी प्रेम प्रसाद लुइंटेल ने बताया कि जनकपुर के लक्ष्मीनिया, नगराइन, बेलौनी रोड, सिनुरजोडा, सोहनी, मणिमंडप, इस्कॉन जनकपुर और दूधमती पुल सहित कई क्षेत्रों में अगले आदेश तक निषेधाज्ञा लागू रहेगी।

