सतना:शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में 500 ग्राम सोने के लेनदेन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है, जिसमें एक ज्वेलर ने कुछ लोगों पर दबाव बनाकर झूठे प्रकरण में फंसाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार लक्ष्मण मार्केट हनुमान चौक निवासी 48 वर्षीय कमल साहू की कमल सोना-चांदी नाम से दुकान है। 19 मार्च को दीपक उर्फ बिल्लू सोनी और छोटू सोनी उसके दुकान पर पहुंचे, जिनके साथ न्यू गहना आर्नामेंट, लाला चौक का एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। पीडि़त के मुताबिक आरोपियों ने उसकी दुकान में काम करने वाले कारीगर देवांजन पर 500 ग्राम सोना उधार लेने का आरोप लगाया।
कमल साहू का कहना है कि संबंधित सोना कारीगर को उधारी में दिया गया था, लेकिन आरोपियों ने इस मामले को लेकर उस पर ही दबाव बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि उन्होंने कहा कि कारीगर ने न तो सोना वापस किया है और न ही उसकी रकम लौटाई है, जिसकी शिकायत उन्होंने सिटी कोतवाली में दर्ज कराई है। पीडि़त का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने उसे धमकी दी कि यदि वह अपने कारीगर से सोना वापस नहीं दिलवाता तो उसे भी जेल भिजवा दिया जाएगा। साथ ही उसे झूठे मामले में फंसाने की लगातार कोशिश की जा रही है और जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। इस पूरे मामले को लेकर कमल साहू ने पुलिस से सुरक्षा और न्याय की मांग की है। फिलहाल सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
