भोपाल में 12वें दिन भी कोरोना योद्धाओं का धरना, नौकरी बहाली की मांग पर अड़े कर्मचारी

भोपाल:कोरोना महामारी के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की सेवा करने वाले कोरोना योद्धा आज खुद रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं। भोपाल के शाहजहांनी पार्क में नौकरी पर बहाली की मांग को लेकर इनका धरना लगातार 12वें दिन भी जारी है। प्रदर्शनकारी महिलाएं PPE किट पहनकर सरकार का ध्यान आकर्षित कर रही हैं, जबकि पुरुष अर्धनग्न होकर नारेबाजी कर रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कोरोना काल में करीब दो साल तक सेवाएं लेने के बाद उन्हें अचानक बजट की कमी का हवाला देकर नौकरी से हटा दिया गया। इसके बाद से वे लगातार अपनी बहाली की मांग उठा रहे हैं। कर्मचारियों के मुताबिक, वे विधायकों और मंत्रियों को ज्ञापन भी दे चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी मांग पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

धरने पर बैठे कोरोना योद्धाओं की परेशानियां भी बढ़ती जा रही हैं। वे दिन-रात धरना स्थल पर ही समय बिता रहे हैं और खाने-पीने के लिए दूसरों की मदद पर निर्भर हैं। प्रदर्शन में शामिल कई महिलाएं नवरात्रि के नौ दिनों का व्रत रखते हुए भी अपनी मांग को लेकर धरने पर बैठी हैं।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि 12 दिन बीत जाने के बावजूद सरकार की ओर से कोई उनसे मिलने नहीं आया और न ही नौकरी पर बहाली को लेकर कोई आश्वासन दिया गया है। कोरोना योद्धाओं की मांग है कि उन्हें जल्द से जल्द नौकरी पर वापस लिया जाए। अब देखना होगा कि सरकार इनकी मांग पर कब तक सुनवाई करती है।

Next Post

संस्कृति की संवेदना से ही शिक्षा शोभायमान : राज्यपाल मंगुभाई पटेल

Fri Oct 16 , 2026
ग्वालियर: राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के सप्तम दीक्षांत समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि उपाधियां प्रतिभा का प्रमाण होने के साथ समाज और राष्ट्र सेवा का संकल्प भी हैं। शिक्षा तभी शोभायमान होती है, जब उसमें संस्कृति की संवेदना हो। शुक्रवार को आरवीएस कृषि विश्वविद्यालय […]

You May Like

Play sound